प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने शुक्रवार को टेलीफोन पर बात की। किशिदा ने पद संभालने के बाद पहली बार पीएम मोदी से बात की। सूत्रों के अनुसार दोनों नेताओं ने भारत एवं जापान के द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की और विभिन्न क्षेत्रों में आपसी सहयोग को मजबूत करने के बारे में चर्चा की।
किशिदा ने सोमवार को ही जापान के प्रधानमंत्री का पद संभाला है। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर उन्हें बधाई भी दी थी। उन्होंने लिखा था कि जापान के नए प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा को बधाई और शुभकामनाएं। मैं उनके साथ काम करने के लिए उत्सुक हूं, ताकि विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी और हमारे क्षेत्र में शांति और समृद्धि को आगे बढ़ाया जा सके।”
इससे पहले, पीएम मोदी ने कहा कि भारत और जापान के बीच की दोस्ती को पूरे क्षेत्र में सबसे स्वाभाविक साझेदारी में से एक माना जाता है। उन्होंने कहा कि जापान भारत के सबसे भरोसेमंद दोस्तों में से एक है। इससे पहले सोमवार को, जापानी सांसदों ने फुमियो किशिदा को नए प्रधानमंत्री के रूप में मंजूरी देने के लिए मतदान किया।
भारत और जापान के बीच हमेशा से काफी मजबूत रिश्ते रहे हैं। यह रिश्ते न कि आर्थिक बल्कि सांस्कृतिक रूप से भी काफी अच्छे हैं। भारत के लिए हमेशा से जापान अहम भूमिका निभाता है। इसलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी जापान के साथ द्विपक्षीय मैत्री को बढ़ावा देना चाहते हैं।
भारत और जापान के बीच गहरी दोस्ती से हमेशा चीन को परेशानी होती रही है। हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन की ताकत को कम करने के लिए दोनों देशों ने क्वाड संगठन बनाया था। बाद में इस संगठन में अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया भी शामिल हो गए। ये चारों देश विश्व की बड़ी आर्थिक महाशक्ति हैं। इसलिए चीन हमेशा से क्वाड का विरोध करता आया है। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जापान के नए प्रधानमंत्री के साथ रिश्तों को और गहरा करना चाहते हैं।