नए संसद भवन के निर्माण की तैयारियां शुरू हो गई हैं। संसद भवन की चारदीवारी को बैरिकेडिंग से कवर किया जा रहा है। निर्माण के दौरान धूल आदि का प्रदूषण रोकने की गाइडलाइंस के पालन के लिए नेट आदि लगाने का कार्य चल रहा है। क्रेन भी मंगाई गई है। दिसंबर से विधिवत निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। अक्टूबर 2022 तक निर्माण कार्य पूरा कर लेने का लक्ष्य है।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बीते दिनों संसद भवन परिसर का मुआयना किया था। इस दौरान उन्होंने नए संसद भवन के निर्माण को लेकर एजेंसियों को खास निर्देश दिए थे। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने निर्माण एजेंसियों से नए संसद भवन के लिए निर्धारित स्थान पर मौजूद सभी सुविधाओं को दूसरे स्थानों पर स्थानांतरित करने का निर्देश दिया था।
लोकसभा स्पीकर ने मौजूदा संसद भवन के ऐतिहासिक स्वरूप को ध्यान में रखते हुए कार्य करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा था कि नए संसद भवन के लिए निर्धारित स्थान पर मौजूद प्रतिमाओं और अन्य सुविधाओं को पूरी सावधानी से परिसर में ही किसी अन्य स्थान पर स्थापित किया जाए।
नए संसद भवन का प्रोजेक्ट देख रहे अधिकारियों के मुताबिक, अभी निर्माण से पहले के जरूरी सब इंतजाम किए जा रहे हैं। कोई भी निर्माण गाइडलाइंस के तहत होता है। पूरी तैयारियां होने के बाद दिसंबर से विधिवत रूप से नए भवन का निर्माण शुरू हो जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



