दिवाली के खास मौके पर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने देशवासियों को पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों से राहत दी है। सरकार ने पेट्रोल पर पांच और डीजल पर 10 रुपये एक्साइज ड्यूटी (उत्पाद शुल्क) में कटौती की है। घटी हुई कीमतें आज से लागू होंगी। वहीं, सरकार के इस फैसले पर प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार पर तंज कसा है। उन्होंने कहा है कि सरकार ने दाम डर की वजह से कम किए हैं।
प्रियंका गांधी का ट्वीट
कांग्रेस की जनरल सेक्रेटरी प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया है, “ये दिल से नहीं डर से निकला फैसला है। वसूली सरकार की लूट को आने वाले चुनाव में जवाब देना है।” बता दें कि प्रियंका गांधी महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर लगातार हमलावर होती नजर आई हैं। वहीं, पेट्रोल के दाम घटाने पर उन्होंने मोदी सरकार पर तंज कसा है।
ये दिल से नहीं डर से निकला फैसला है।
वसूली सरकार की लूट को आने वाले चुनाव में जवाब देना है।#PetrolDieselPrice
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) November 4, 2021
वहीं, इससे पहले केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल की कीमत घटाने के बाद कई बीजेपी शासित राज्यों में पेट्रोल और डीजल की कीमत में कमी की गई है। इनमें उत्तर प्रदेश, मणिपुर, गोवा, उत्तराखंड, कर्नाटक, असम और त्रिपुरा जैसे राज्य शामिल हैं। यहां सात रुपये तक डीजल के दाम कम किए गए हैं।
केंद्र द्वारा पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी घटाने के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने भी पेट्रोल पर सात रूपये की और डीजल पर दो रूपये की वैट में कटौती की है। इस प्रकार उत्तर प्रदेश में अब पेट्रोल और डीजल दोनों ही 12-12 रूपये सस्ता हो गया है।
केंद्र सरकार की अपील पर राज्यों ने भी वैट किया कम
उधर, केंद्र राज्य ने एक्साइज ड्यूटी घटाने के बाद राज्यों से भी वैट कम करने की अपील की। भाजपा शासित राज्यों ने इसे स्वीकार करते हुए कीमतें कम करने का ऐलान किया है। उत्तर प्रदेश सरकार ने पेट्रोल पर 7 रुपए वैट कम करने का ऐलान किया है। उधर, गुजरात सरकार ने दोनों उत्पादों पर 7 रुपए वैट कम करने का फैसला किया। इसके अलावा मध्यप्रदेश, बिहार, असम, कर्नाटक, त्रिपुरा, मणिपुर, गोवा, उत्तराखंड और हिमाचल में भी।