कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी को लेकर शनिवार को मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि इस सरकार के राज में महंगाई का विकास हो रहा है। राहुल गांधी ने पेट्रोलियम उत्पादों के दाम में वृद्धि का हवाला देते हुए ट्वीट किया, ‘‘महंगाई का विकास!’’
प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हफ्ते में सारे दिन महंगे दिन है जिस दिन तेल की कीमतें ना बढ़े उसे बीजेपी को अच्छा दिन घोषित कर देना चाहिए। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा कि भाजपा सरकार को सप्ताह के उस दिन का नाम ‘अच्छा दिन’ कर देना चाहिए जिस दिन डीजल-पेट्रोल के दामों में बढ़ोत्तरी न हो। क्योंकि महंगाई की मार के चलते बाकी दिन तो आमजनों के लिए ‘महंगे दिन’ हैं।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को पेट्रोल की कीमत 90 रुपये प्रति लीटर के स्तर को पार कर गई, जबकि डीजल का दाम बढ़कर 80.60 रुपये प्रति लीटर हो गया। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार 11वें दिन बढ़ोतरी की। शुक्रवार को जारी अधिसूचना के मुताबिक पेट्रोल की कीमत में 31 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 33 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई।
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी सिलसिलेवार ट्वीट कर मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने लिखा है कि तेल की बढ़ती कीमतें मोदी सरकार की गलत नीतियों का नतीजा है। पेट्रोल-डीजल की कीमतों से आमजन त्रस्त है।पिछले 11 दिनों से लगातार दाम बढ़ रहे हैं। यह मोदी सरकार की गलत आर्थिक नीतियों का नतीजा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें फिलहाल UPA के समय से आधी हैं लेकिन पेट्रोल-डीजल की कीमतें अब तक के सर्वोच्च स्तर पर पहुंच गई हैं।