कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डीके शिवकुमार की ईडी द्वारा गिरफ्तारी के बाद बुधवार को कर्नाटक के विभिन्न हिस्सों में प्रदर्शन हो रहे हैं। जांच एजेंसी ने धन शोधन से जुड़े एक मामले में शिवकुमार को दिल्ली में गिरफ्तार किया है। राज्य के रमनगारा, चेन्नापट्टन और आसपास के कुछ अन्य शहरों से प्रदर्शन और सड़कों पर टायर जलाकर रास्ते रोकने का प्रयास करने की खबरें हैं।

शिवकुमार के समर्थकों ने यहां बंद आहूत किया है। शिवकुमार का विधानसभा क्षेत्र कनकपुरा रमनगारा जिले में आता है। एहतियात के तौर पर जिला प्रशासन ने बुधवार को स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी है। कांग्रेस नेता की गिरफ्तारी के बाद से कनकपुरा में कल रात सरकारी बसों पर पथराव होने की भी सूचना है।
गौरतलब है कि शिवकुमार धन शोधन के मामले में चौथी बार मंगलवार को दिल्ली स्थित ईडी के मुख्यालय में पेश हुए थे। वहीं पर एजेंसी ने उन्हें पीएमएलए के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया। शिवकुमार की गिरफ्तारी की विपक्षी दलों ने जमकर आलोचना की है।

पूर्व मुख्यमंत्रियों सिद्धरमैय्या और एचडी कुमारस्वामी का आरोप है कि भाजपा विपक्ष की आवाज दबाने के लिए केन्द्रीय एजेंसियों का गलत इस्तेमाल कर रही है। वहीं, मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा का कहना है कि कानून अपना काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि उन्हें बहुत खुशी होगी यदि पूर्व मंत्री शिवकुमार सभी आरोपों से बरी हो जाएं।


Download Android App
Download iOS App



