रायपुर : छत्तीसगढ़ में रमन सरकार के लोक सुराज अभियान और भाजपा की जनसंपर्क यात्रा को बेहतर रिस्पांस मिला है। छत्तीसगढ़ के इस फार्मूले को अब राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा आजमाएगी। केन्द्रीय नेतृत्व ने इस सभी राज्यों में लागू कर दिया है। इसके तहत अब सभी भाजपा शासित राज्यों में लोक सुराज अभियान चलाए जाएंगे।
वहीं चुनावी साल में सत्ताधारी दल जनसंपर्क यात्रा में निकलेगा। इस फार्मूले के तहत भाजपा एक बार फिर सभी राज्यों में माहौल बनाने की कोशिशों में नजर आ रही है। वहीं दूसरी ओर राज्यों के साथ अब केन्द्रीय स्तर पर भी इसी तरह की कवायदें होगी।
केन्द्र सरकार के पांचवे साल के कार्यकाल में भी सुराज अभियान चलेगा। देश भर में चलने वाले सुराज अभियान में प्रधानमंत्री समेत सभी केन्द्रीय मंत्री निकलेंगे। इस मामले में प्रशासनिक अमला भी मौके पर पहुंचेगा। देश भर में सुराज यात्रा के दौरान सौगातों की फिर झड़ी लगेगी।
इस मामले में केन्द्रीय सेवा के अफसरों को अधिक मशक्कतें करनी पड़ेगी। वहीं भाजपा शासित प्रदेशों में राज्य स्तरीय प्रशासनिक अमला भी फील्ड में निकलेगा। माना जा रहा है कि सुराज अभियान के साथ देश भर में भाजपा की जनसंपर्क यात्रा भी साथ निकलेगी। आगामी वर्ष चुनावी साल के दौरान देश भर में भाजपाई जनसंपर्क यात्रा कर सत्ता में बरकरार रहने की कोशिशें करेंगे।
छत्तीसगढ़ में सुराज अभियान के फार्मूले का दिल्ली में प्रेजेंटेशन दिया गया है। इस दौरान आम लोगों से सीधे संवाद और समस्याओं को दूर करने की रणनीति को भी केन्द्रीय नेतृत्व ने सराहा है। वहीं जन शिकायतों को सुलझाने के लिए समाधार शिविरों को लेकर भी कवायदें हुई है। समाधार शिविर के मामले में पहले ही लोगों से आवेदन मंगा लिए जाएंगे। फिलहाल सत्ताधारी दल ने इस मामले में विस्तृत एक्शन प्लान तैयार करने वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी दी है।
देश और दुनिया का हाल जानने के लिए जुड़े रहे पंजाब केसरी के साथ।