दिल्ली बॉर्डर पर पिछले साल नवंबर से डेरा डाले प्रदर्शनकारी किसान केंद्र के तीन नए कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग कर रहे हैं। आज एक बार फिर किसान संगठनों ने अपने आंदोलन को धार देने के लिए पूरे देश में 'खेती बचाओ, लोकतंत्र बचाओ 'दिवस मनाने का ऐलान किया है। किसानों के इस आंदोलन को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने समर्थन देते हुए ट्वीट किया।
उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, "सीधी-सीधी बात है-हम सत्याग्रही अन्नदाता के साथ हैं।"
बता दें कि दिल्ली और हरियाणा के बीच सिंघु बॉर्डर के अलावा टीकरी और गाजीपुर बॉर्डर पर किसानों ने महीनों से डेरा डाला हुआ है। किसान आंदोलन को सात महीने पूरे हो चुके हैं। सात महीने पूरे होने पर किसानों ने ट्रैक्टर रैली निकालने का फैसला किया है।सीधी-सीधी बात है-
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) June 26, 2021
हम सत्याग्रही अन्नदाता के साथ हैं।#FarmersProtest
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रेस प्रभारी शमशेर राणा ने बताया कि उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों से करीब 500 ट्रैक्टर ट्रॉली में किसान पहुंचे हैं। शनिवार को लगभग एक हजार ट्रैक्टर आने की उम्मीद है। वहीं उत्तर प्रदेश अध्यक्ष राजवीर सिंह ने कहा कि पूरा प्रदेश ट्रैक्टर रैली के लिए तैयार बैठा है और बड़े जोर शोर से तैयारियां चल रही हैं।
किसान आंदोलन के मद्देनजर बंद रहेंगे तीन मेट्रो स्टेशन
दिल्ली मेट्रो ने किसान आंदोलन की आशंका के मद्देनजर येलो लाइन पर शनिवार को चार घंटे के लिए तीन मेट्रो स्टेशनों-विश्वविद्यालय, सिविल लाइंस और विधानसभा को बंद रखने का फैसला किया है। डीएमआरसी ने ट्वीट किया, “दिल्ली पुलिस के सुझाव पर, सुरक्षा कारणों से, येलो लाइन पर तीन मेट्रो स्टेशन- विश्वविद्यालय, सिविल लाइन्स और विधानसभा, कल (शनिवार) 26.06.2021 को जनता के लिए सुबह10 बजे से दोपहर दो बजे तक बंद रहेंगे।