राफेल को लेकर राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना, किया यह बड़ा दावा

Summary :

राहुल ने ट्वीट कर कहा कि “राफेल सौदे में भारतीय खजाने से पैसा चुराया गया था।सत्य एक है, पथ कई हैं- महात्मा गांधी ।”

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को फ्रांसीसी विमान निर्माण कंपनी दसाल्ट एविएशन से राफेल लड़ाकू जेट की खरीद में भ्रष्टाचार और गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए केंद्र सरकार पर एक नया हमला किया। एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए, कांग्रेस नेता ने कहा कि पैसा भारतीय खजाने से चुराया गया था। उन्होंने कहा कि सच को लाख कोशिश के बाद भी छिपाया नहीं जा सकता।

राहुल ने ट्वीट कर कहा कि “राफेल सौदे में भारतीय खजाने से पैसा चुराया गया था।सत्य एक है, पथ कई हैं- महात्मा गांधी ।” बता दें कि NDA सरकार ने 23 सितंबर, 2016 को फ्रांस की एरोस्पेस कंपनी दसाल्ट एविएशन के साथ 36 लड़ाकू विमान खरीदने के लिए 59,000 करोड़ रुपये का सौदा किया था।

राहुल ने सरकार के राफेल से जुड़ी सूचना कैग को नहीं देने संबंधी एक अखबार में छपी खबर का हवाला देते हुए कहा कि सरकार राफेल घोटाले पर पर्दा डालने का प्रयास कर रही है और तथ्य छिपा रही है।उन्होंने राफेल विमान के चित्र के साथ ही इस संबंध में छपी खबर को पोस्ट किया जिसमें कहा गया है कि नियन्त्रक एवं महालेखा परीक्षक-कैग ने राफेल ऑफसेट सौदे को लेकर सरकार को रिपोर्ट सौंपी है जिसमे राफेल पर हुए खर्च का कोई ब्यौरा नहीं है क्योंकि रक्षा मंत्रालय ने कैग को इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी है।
गौरतलब है कि राहुल गांधी ने अर्थव्यवस्था की स्थिति एवं बेरोजगारी को लेकर शुक्रवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि छवि सुधारने में सरकारी पैसे का उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने एक खबर का हवाला देते हुए ट्वीट किया, ‘‘आर्थिक गिरावट, बेरोजगारी, चीनी आक्रमकता है। सरकार करदाताओं का पैसा छवि सुधारने पर लगा रही है।’’ उधर, कांग्रेस ने यह भी कहा कि सरकार को अर्थव्यवस्था की स्थिति में सुधार और रोजगार सृजन के लिए अपनी योजना के बारे में देश को बताना चाहिए।

देश में कोरोना को मात देने के लिए लगातार बढ़ रही है टेस्टिंग, एक दिन में 10 लाख से अधिक जांच का रिकॉर्ड

Desk Team