पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज अपनी जिंदगी के 50 वर्ष पूरे कर लिए है। उनका जन्म 19 जून, 1970 को दिल्ली के होली फैमिली हॉस्पिटल में हुआ था। राहुल इस बार कोरोना संकट और चीन की ओर से किए गए हमले में 20 जवानों की शहादत के मद्देनजर अपना जन्मदिन नहीं मनाएंगे।
कांग्रेस पार्टी की तरफ से गुरुवार को राहुल गांधी के जन्मदिन को सेलिब्रेट नहीं किए जाने को लेकर कहा गया था। हालांकि, कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल के जन्मदिन के मौके पर गरीबों व जरूरतमंदों को राशन और भोजन वितरित करेंगे। कांग्रेस पार्टी के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सभी राज्यों के कांग्रेस अध्यक्षों को पत्र लिखकर कहा कि कोरोना महामारी और भारतीय सैनिकों की शहादत की वजह से इस बार राहुल गांधी के जन्मदिन का उत्सव नहीं मनाया जाए।
राजनीतिक सफर की शुरुआत
गांधी परिवार के वारिस राहुल का राजनीति का सफर बेहद ही उतार चढ़ाव से भरा रहा है। 2004 में अमेठी से लोकसभा का चुनाव जीतकर उन्होंने संसद की दहलीज पर कदम रखा। उन्होंने अमेठी लोकसक्षा क्षेत्र का 2009 और 2014 संसद में प्रतिनिधित्व किया। 2007 में उन्हें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का महासचिव नियुक्त किया गया।
इसके अलावा युवाओं को पार्टी से जोड़ने की उन्हें अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई। उन्हें कांग्रेस की छात्र इकाई यूथ कांग्रेस और राष्ट्रीय छात्र संघ के कामकाज को देखने के लिए कहा गया। वर्ष 2013 में उन्हें कांग्रेस उपाध्यक्ष के तौर पर नियुक्त किया और 11 दिसंबर 2017 को कांग्रेस पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया गया।
2019 के आम चुनाव में राहुल गांधी को अपनी पारंपरिक सीट अमेठी से हार का मुंह देखना पड़ा। बीजेपी नेता स्मृति ईरानी ने अमेठी सीट से जीत का परचम लहाराया। लेकिन उन्होंने अपनी प्रतिष्ठा केरल के वायनाड से बचा ली। 2019 के चुनाव में कांग्रेस की हार की जिम्मेदारी लेते हुए उन्होंने पार्टी अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया।