कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का आज जन्मदिन है। राहुल आज पूरे 49 साल के हो चुके है। वहीं राहुल गांधी ने बिहार के मुज्जफरपुर में एक्यूट इंसेफेलाइटिस सिंड्रोम के कारण हुई बच्चों की मौत को लेकर जन्मदिन न मनाने का फैसला किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उनकी लम्बी उम्र के लिए दुआ की है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार सुबह ट्वीट कर राहुल गांधी को जन्मदिन की बधाई दी और उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। इसके जवाब में राहुल गांधी ने पीएम नरेंद्र मोदी को शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद किया। लोकसभा चुनावों के दौरान दोनों नेताओं के बीच तीखी बयानबाजी देखने को मिली थी। इन चुनावों में बीजेपी के नेतृत्व वाले राजग को भारी बहुमत से जीत मिली।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी को बधाई देते हुए लिखा, राहुल गांधी को उनके जन्मदिन पर बधाई और शुभकामनाएँ। उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हुए लंबी उम्र की कामना की। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट किया, ‘मैं कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को उनके जन्मदिन पर बधाई देता हूं।’
बसपा अध्यक्ष मायावती ने राहुल गांधी को जन्मदिन की बधाई दी। मायावती ने ट्वीट कर कहा, “कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को आज उनके जन्मदिन पर हार्दिक बधाई। उनके लम्बे एवं स्वस्थ जीवन की कामना करती हूं।”
राहुल गांधी का जन्म 1970 में आज ही के दिन हुआ था। कांग्रेस नेता फूल सिंह ने राहुल गांधी के जन्मदिन पर उनके आवास के बाहर ‘हवन’ किया है। कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने भी राहुल गांधी को जन्मदिन शुभकामनाएं दी।
सुरजेवाला ने ट्वीट किया, ‘हर प्रतिकूल परिस्थिति में आपका अदम्य साहस, हर हमले के सामने सिद्धांतों के प्रति आपकी अमिट प्रतिबद्धता, धूर्तता को गुण माने जाने के दौर में आपकी सादगी और स्पष्टवादिता आपको सबसे अलग करती है। जन्मदिन की शुभकामनाएं राहुल गांधी।’
कांग्रेस ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक वीडियो शेयर कर राहुल जन्मदिन की शुभकामनाएं दी है। इस वीडियो में राहुल गांधी की कुछ यादगार पलों को शामिल किया गया है और पांच बातों को हाइलाइट किया गया है, जिससे लोगों को प्रेरणा लेनी चाहिए।