कांग्रेस ने देश में कोरोना रोधी टीकाकरण की कथित धीमी गति होने को लेकर शनिवार को सरकार पर निशाना साधा और कहा कि अगर लोगों को तेजी से टीका नहीं लगाया गया तो महामारी की तीसरी लहर को रोक पाना संभव नहीं होगा। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कोरोना से हो रही मौतों के आंकड़ों को लेकर सरकार और प्रधानमंत्री मोदी को घेरा।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘टीका नहीं है। सबसे निचले स्तर पर जीडीपी है। कोविड से सबसे अधिक मौतें हो रही हैं। भारत सरकार का इस पर जवाब क्या है? प्रधानमंत्री रो देते हैं।’’
No Vaccines
Lowest GDP
Highest Covid deaths…GOI’s response?
PMCries. pic.twitter.com/b8TbfwnrlI
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) May 22, 2021
पार्टी के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष और विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भारत को टीकाकरण की धीमी गति के नतीजों को लेकर आगाह किया है।
उन्होंने ट्वीट के माध्यम से यह दावा किया कि अगर टीकाकरण की गति तेज नहीं की गई तो महामारी की तीसरी लहर को रोक पाना संभव नहीं होगा। उधर, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने शुक्रवार को कहा कि भारत 2021 के अंत तक देश के सभी वयस्क लोगों का टीकाकरण करने की स्थिति में होगा।
मंत्री ने नौ राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में वैश्विक महामारी के हालात की समीक्षा बैठक में कहा, ‘‘भारत अगस्त और दिसंबर 2021 के बीच टीकों की 216 करोड़ खुराक खरीदेगा, जबकि इस साल जुलाई तक 51 करोड़ खुराक खरीदी जाएंगी।’’