कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर सीधा हमला करते हुए शुक्रवार को असम में पत्रकार पराग भुईयां की हत्या का मामला उठाया और आरोप लगाया कि भाजपा शासित राज्यों में भ्रष्टाचार को उजागर करने वाली पत्रकारिता का गला घोटा जा रहा है।
भाजपा नेताओं के भ्रष्टाचार का पर्दाफ़ाश करने वाले असम के पत्रकार पराग भुइयां की संदिग्ध परिस्थिति में हत्या हो गयी। उनके परिवार को मेरी संवेदनाएँ।
असम, मध्य प्रदेश या यूपी, भाजपा शासित राज्यों में सच्ची पत्रकारिता का गला घोटा जा रहा है और तमाशा करने वालों को सुरक्षा मिल रही है।
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) November 13, 2020
राहुल ने ट्वीट किया, “भाजपा नेताओं के भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करने वाले असम के पत्रकार पराग भुइयां की संदिग्ध परिस्थिति में हत्या हो गयी। उनके परिवार को मेरी संवेदनाएं। असम, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश भाजपा शासित राज्यों में सच्ची पत्रकारिता का गला घोटा जा रहा है और तमाशा करने वालों को सुरक्षा मिल रही है।”
कांग्रेस नेता ने दो दिन पहले भी पत्रकारों की हत्या का मामला उठाते हुए कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश के पत्रकार विनय तिवारी को भाजपा के गुंडों ने बेरहमी से पीटा है। अधिकारों की बात चली है तो सोचा पूछ लें कि कुछ चुनिंदा पत्रकारों के लिए ही अधिकार याद आएंगे या विनय तिवारी जैसे पीड़ित के लिए भी।’’
बता दें कि असम में एक स्थानीय टेलीविजन चैनल के पत्रकार की बृहस्पतिवार को मौत हो गई जिसे राज्य के तिनसुकिया जिले में बुधवार रात एक वाहन ने टक्कर मार दी थी। पत्रकार के नियोक्ताओं ने आरोप लगाया कि पत्रकार की इसलिए हत्या की गई क्योंकि उसने अपने क्षेत्र में भ्रष्टाचार एवं अवैध गतिविधियों को उजागर किया था।
पुलिस ने बताया कि ‘प्रतिदिन टाइम’ चैनल के काकोपथार के वरिष्ठ संवाददाता पराग भुइयां को बुधवार रात एक वाहन ने उनके घर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 15 पर टक्कर मार दी थी। पराग भुइयां की डिब्रूगढ़ के एक नर्सिंग होम में बृहस्पतिवार सुबह मौत हो गई जहां उन्हें एक स्थानीय चिकित्सकीय इकाई द्वारा रेफर किया गया था।