एक बार इस्तेमाल होने वाली प्लास्टिक का प्रयोग छोड़ने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल को आगे बढ़ाते हुए रेलवे ऐसे यात्रियों के फोन को रिचार्ज करेगा जो स्टेशनों पर प्लास्टिक बोतल नष्ट करने वाली मशीनों का इस्तेमाल करेंगे। प्रधानमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस पर अपने संबोधन में राष्ट्र से एक बार इस्तेमाल होने वाली प्लास्टिक का उपयोग बंद करने और प्लास्टिक की पानी बोतलों का विकल्प तलाशने की अपील की थी।
रेलवे ने निर्देश जारी किया है कि इस साल दो अक्टूबर से उसके परिसरों में एक बार प्रयोग में लाई जाने वाली प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं होगा। रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष वी के यादव ने कहा है कि स्टेशनों पर बोतलों को नष्ट करने वाली 400 मशीनें लगाई जाएंगी।
इसका इस्तेमाल करने वाले यात्रियों को मशीन में अपना मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा और इसके बाद उनका मोबाइल फोन रिचार्ज हो जाएगा। हालांकि, रिचार्ज के विवरण फिलहाल उपलब्ध नहीं हैं । उन्होंने कहा कि वर्तमान में 128 स्टेशनों पर बोतल नष्ट करने वाली 160 मशीनें लगायी गयी है।
उन्होंने कहा कि रेलवे कर्मचारियों को स्टेशनों पर इस्तेमाल हो चुकी प्लास्टिक बोतलों को जमा करने और उन्हें पुनर्चक्रण के लिए भेजने का निर्देश दिया है। इससे पहले, मंत्रालय ने सभी विक्रेताओं और कर्मचारियों को प्लास्टिक का इस्तेमाल घटाने के लिए फिर इस्तेमाल होने वाले बैग के प्रयोग का निर्देश दिया था ।


Download Android App
Download iOS App



