चिलचिलाती धूप और उमस भरी गर्मी झेल रही राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत को आखिरकार बारिश की फुहारों ने काफी राहत दी है। मानसून उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में दस्तक दे चुका है। आज मानसून दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बाकी हिस्सों में भी पहुंच जाएगा।
पिछले कुछ दिनों से 43 से 45 डिग्री सेल्सियस तक के अधिकतम तापमान से बेहाल राष्ट्रीय राजधानी और एनसीआर को मॉनसून का बेसब्री से इंतजार है। उधर देश के पूर्वोत्तर और पश्चिमी तटीय इलाकों में भारी बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग ने कहा है कि मॉनसून पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश सहित उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में पहुंच गया है। इसके अगले 24 से 48 घंटों में दिल्ली में दस्तक देने की संभावना है।
मौसम विभाग ने कहा कि हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पूर्वी राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश हुई है। हालांकि, अभी मॉनसून के दिल्ली पहुंचने की घोषणा की जानी बाकी है।
मौसम विभाग के अतिरिक्त महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने बताया कि उत्तर भारत के कई हिस्सों में मॉनसून से पहले की बारिश हो रही है। मॉनसून के अगले 24 से 48 घंटों में दिल्ली में दस्तक देने की उम्मीद है। मॉनसून के दिल्ली पहुंचने का सामान्य समय 29 जून है।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे।