समाजवादी पार्टी (सपा) के राज्यसभा सदस्य और पूर्व केन्द्रीय मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा का शुक्रवार को निधन हो गया। वह करीब 80 साल के थे।
आपको बता दे कि वर्मा के पुत्र पूर्व विधायक राकेश वर्मा ने बताया कि उनके पिता पिछले कुछ समय से बीमार थे। आज अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल ले जाया गया, जहां शाम करीब सात बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
बाराबंकी जिले के सिरौली गौसपुर के मूल निवासी रहे वर्मा के परिवार में पत्नी, तीन बेटे और दो बेटियां हैं। वर्तमान में वह सपा के राज्यसभा सदस्य थे।
वही, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता बेनीप्रसाद वर्मा के निधन पर शोक व्यक्त किया।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने मोदी के हवाले से ट्वीट किया, ”श्री बेनीप्रसाद वर्मा के निधन की खबर सुनकर दुखी हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं। ओम शांति।”
-समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सदस्य बेनी प्रसाद वर्मा ‘बाबूजी’ के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
श्री वर्मा का शुक्रवार देर शाम लखनऊ में निधन हो गया। उनका लखनऊ के मेदांता अस्पताल में विगत कुछ समय से इलाज चल रहा था। उनके निधन की सूचना मिलते ही श्री यादव तत्काल अस्पताल पहुंचे एवं दिवगंत बेनी बाबू के परिवारजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। राष्ट्रीय अध्यक्ष जी के साथ समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी भी थे।
– अखिलेश यादव ने अपने शोक संदेश में कहा है कि श्री वर्मा पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से थे एवं उनका निधन पार्टी और समाजवादी आंदोलन के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने बाबूजी के परिवारजनों के प्रति गहरी संवेदना जताते हुए कहा है कि शोक की इस घड़ी में पूरा समाजवादी परिवार श्री वर्मा के परिजनों के साथ खड़ी है एवं हमेशा साथ रहेगा।
– समाजवादी धारा के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सदस्य बेनी प्रसाद वर्मा के निधन पर समाजवादी प्रगतिशील पार्टी (प्रसपा) प्रमुख शिवपाल यादव ने दु:ख प्रकट किया है।
श्री यादव ने आज रात यहां जारी शोक संदेश में कहा कि, वरिष्ठ समाजवादी नेता,राज्यसभा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा के निधन की खबर से स्तब्ध और दु:खी हूं। यह समाजवादी आंदोलन और मेरी व्यक्तिगत क्षति है। ईश्वर दिवंगत की आत्मा को शांति प्रदान करें। मैं शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करता हूं।
`- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं राज्यसभा सांसद बेनी प्रसाद वर्मा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
श्री कुमार ने आज यहां अपने शोक संदेश में कहा कि श्री वर्मा समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से एक थे एवं देश के बड़े नेताओं में शुमार किये जाते थे। वे संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन -2 सरकार में केन्द्रीय इस्पात मंत्री भी रहे थे। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुयी है।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शांति तथा उनके परिजनों एवं प्रशंसकों को दुख की इस घडी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से कामना की है।
बता दे कि बेनी प्रसाद वर्मा को सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव का करीबी माना जाता रहा है। सन् 1996 में राष्ट्रीय मोर्चा-वाम मोर्चा की एच.डी. देवगौड़ा सरकार में वह संचार राज्यमंत्री बने थे। फिर उन्हें संसदीय कार्य राज्यमंत्री का भी जिम्मा सौंपा गया। सन् 1998, 1999 और 2004 के लोकसभा चुनाव में वह सपा के टिकट पर कैसरगंज से जीतकर संसद पहुंचे थे।
साल 2009 के लोकसभा चुनाव में वह कांग्रेस के टिकट पर गोंडा सीट से जीते थे और केंद्र में मंत्री बने। बेनी प्रसाद वर्मा समाजवादी पार्टी के महासचिव थे। उत्तर प्रदेश सरकार में सपा सरकार में वह लंबे समय तक पीडब्ल्यूडी मंत्री रहे।
बेनी प्रसाद वर्मा अपने बेटे के लिए वर्ष 2007 में टिकट चाहते थे, लेकिन अमर सिंह की वजह से बेनी प्रसाद वर्मा के बेटे राकेश वर्मा को टिकट नहीं मिल सका। इसी वजह से नाराज बेनी प्रसाद वर्मा ने समाजवादी पार्टी छोड़ दी और समाजवादी क्रांति दल बनाया। इसके बाद साल 2008 में वह कांग्रेस में शामिल हो गए। वर्ष 2016 में वह एक बार फिर समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए थे।