कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी संक्षिप्त विदेश यात्रा के लिए इटली रवाना हो गए हैं। चुनावों से पहले उनकी इस यात्रा के चलते पंजाब में 3 जनवरी को होने वाली रैली रद्द हो गई है। इस दिन मोगा में होने वाली चुनावी रैली के जरिए ही पंजाब में कांग्रेस के प्रचार अभियान का आरम्भ होना था लेकिन, राहुल की इस यात्रा के चलते इसे रद्द कर दिया गया है।
रैली रद्द होने की खबरों पर कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘राहुल गांधी अपनी एक छोटी निजी यात्रा पर हैं। भारतीय जनता पार्टी और उनके मीडियो के दोस्तों को अनावश्यक रूप से अफवाहें नहीं फैलाना चाहिए।’
यूपी चुनाव : अमित शाह पार्टी को जीत दिलाने के लिए जुटे जोर-शोर से, आज 3 जनसभाओं को करेंगे संबोधित
राहुल किस देश की यात्रा पर गए हैं, इस बारे में पार्टी ने कोई जिक्र नहीं किया। लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, राहुल इटली के लिए रवाना हुए हैं। हालांकि, पार्टी ने यह भी नहीं बताया है कि राहुल गांधी कब लौटेंगे। पांच राज्यों-उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर में इस साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। इन सभी राज्यों में चुनाव प्रचार जोरों पर है और इन प्रदेशों में कांग्रेस प्रमुख दल है।
सूत्रों के अनुसार, 5 जनवरी से बीजेपी अपना चुनाव प्रचार अभियान तेज करने जा रही है। सूत्रों का कहना है कि आगामी पांच जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यहां चुनाव प्रचार का आगाज कर सकते हैं। तीन कृषि कानूनों की वापसी के बाद राज्य में पीएम की यह पहली रैली होगी।
बीजेपी ने कहा है कि वह राज्य में विधानसभा चुनाव कैप्टन अमरिंदर सिंह की पंजाब लोक कांग्रेस पार्टी के साथ मिलकर लड़ेगी। कांग्रेस के सूत्रों का कहना है कि राहुल गांधी के वापस लौटने के बाद ही पंजाब में चुनावी रैली शुरू हो पाएगी। राहुल ने हाल ही में गोवा एवं उत्तराखंड में पार्टी के लिए प्रचार करते नजर आए हैं।