कोरोना महामारी से जूझते हुए देश में अब बीएड फ्लू का नया खतरा आ गया है। बर्ड फ्लू के लगातार बढ़ते प्रभाव से भारत में हड़कंप मचा हुआ है, इस सब के बीच केंद्रीय पशुपालन मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा है कि बर्ड फ्लू पर लोग अफवाह न फैलाएं। उन्होंने कहा कि बर्ड फ्लू भारत में साल 2006 से ही है। उचित सावधानी से इस बीमारी का इलाज किया जा सकता है, अगर पॉल्ट्री उत्पादों को अच्छी तरह से उबालकर और पकाकर खाया जाये तो इंसानों को इस बीमारी से कोई खतरा नहीं है।
केंद्रीय पशुपालन मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि अबतक दिल्ली समेत 10 राज्यों में बर्ड फ्लू के मामले पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि उनके मंत्रालय ने अक्टूबर में ही बर्ड फ्लू की आशंकाओं को लेकर गाइडलाइन जारी कर दिए थे। इसके साथ ही गिरिराज सिंह ने कहा कि बर्ड फ्लू के मामलों की निगरानी के लिए पशुपालन मंत्रालय में एक कंट्रोल रूम काम कर रहा है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मंत्रालय के सचिव ने सभी राज्यों के मुख्य सचिवों को पत्र लिखकर बर्ड फ्लू की गाइडलाइन भेजी है, पत्र में ये भी लिखा है कि बर्ड फ्लू को लेकर लोगों में अफवाहे और खौफ पैदा न करें।
केंद्रीय पशुपालन मंत्री गिरिराज सिंह बोले कि राष्ट्रिय राजधानी दिल्ली में जिस तरह बर्ड फ्लू को लेकर डर पैदा किया जा रहा है इसे लेकर वह दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पत्र लिखेंगे और बताएंगे कि इससे डरने की कोई जरूरत नहीं है। इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि जिस तरह से गाजीपुर की मुर्गा मंडी आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार द्वारा बंद कर दी गई है, उससे मक्का का रेट बहुत कम हो गया है। किसान पहले से ही कोरोना वायरस महामारी के कारण बेहद परेशान थे। अब बर्ड फ्लू के बाद मक्का का रेट कम होने से किसानों का नुकसान और भिओ ज्यादा बढ़ गया है।