राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने आज घोषणा की, आरएसएस प्लास्टिक के इस्तेमाल को घटाने, जल संरक्षण और पौधारोपण को लेकर देशभर में जन-अभियान शुरू करेगा। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने स्वतंत्रता दिवस संबोधन में लोगों से एकल उपयोग प्लास्टिक को त्यागने की अपील की थी।
आरएसएस के सह-सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले ने कहा कि संघ इन विषयों पर अपने स्वयंसेवसकों के लिए आगरा और पुणे में कार्यशालाएं भी लगाएगा।
संघ और उसके अनुषंगी संगठनों की तीन दिवसीय समन्वय बैठक के अंतिम दिन उन्होंने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पर्यावरण और जल संरक्षण पर जन-जागरूकता अभियान शुरू करने का फैसला पिछले साल की समन्वय बैठक में किया गया था जो आंध्र प्रदेश के मंत्रालयम में हुई थी।
उन्होंने कहा, ‘‘ प्लास्टिक का इस्तेमाल घटाने, पौधारोपण और जल संरक्षण जैसे विषयों पर चर्चा हुई। इस बात पर भी चर्चा हुई कि कैसे उन्हें देशभर में जन-अभियान बनाया जा सकता है।’’ होसबोले ने कहा कि स्वयंसेवक देशभर में गांवों और लोगों के बीच जायेंगे तथा उन्हें पेड़ लगाने, जल संरक्षण करने और प्लास्टिक का इस्तेमाल घटाने के लिए प्रेरित करेंगे।
सूत्रों के अनुसार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकारी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने समन्वय बैठक में जम्मू कश्मीर के विशेष दर्जे को खत्म करने के बारे में बताया। केंद्र के इस कदम को घाटी के विकास के लिए ‘एक बड़ा कदम’ करार देते हुए होसबोले ने कहा, ‘‘ अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधानों के निरसन से जम्मू कश्मीर के विकास का द्वार खुल गया है और इसकी ही जरूरत थी।’’
जम्मू कश्मीर में मुख्य राजनीतिक दलों के नेताओं को नजरबंद करने के संबंध में प्रश्न पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘यह राष्ट्रहित में है। यह आपातकाल के विपरीत है, जब कई नेता स्वार्थ के चलते हिरासत में ले लिए गए थे।’’
उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर के अलावा अन्य सीमावर्ती क्षेत्रों की स्थिति और चुनौतियों पर भी (बैठक में) चर्चा हुई। बैठक में शिक्षा एवं संस्कृति पर चर्चा की जानकारी देते हुए होसबोले ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति की समीक्षा भी की गयी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने और उनके चरित्र निर्माण तथा मातृभाषा पर बल दिया दिया जाना चाहिए।
आरएसएस के 35 आनुषांगिक संगठनों के 200 से अधिक प्रतिनिधियों ने लोकसभा चुनाव के उपरांत पहली बार हुई इस समन्वय बैठक में हिस्सा लिया। प्रतिनिधियों में भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जे पी नड्डा और महासचिव (संगठन) बी एल संतोष भी शामिल थे।