केंद्रीय मंत्री डी वी सदानंद गौड़ा ने पी. चिदंबरम की गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस द्वारा जांच एजेंसियों पर ‘‘परेशान करने’’ और उनके दुरुपयोग के आरोपों को बृहस्पतिवार को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि बीजेपी नीत सरकार को ऐसी चीजें करने की कोई जरूरत नहीं है। रसायन एवं उर्वरक मंत्री ने कहा, ‘‘वास्तव में…जो उन्होंने किया (कांग्रेस के कार्यकाल में जांच एजेंसियों का दुरुपयोग) अब वे उसी भय से ग्रस्त हैं।’’
उन्होंने दावा किया कि चिदंबरम और उनके पुत्र (कार्ति) के खिलाफ मामले को पूरी दुनिया जानती है। उन्होंने कहा,‘‘इसलिए यदि हम राजनीतिक बदले की कार्रवाई में लिप्त होना ही चाहते, तो हमने वह पहले (पूर्ववर्ती कार्यकाल में) किया होता। अब सब कुछ समाप्त हो चुका है, हम पूर्ण सत्ता में हैं और पार्टी को (बड़ा) जनादेश मिला है।’’
चिदंबरम की गिरफ्तारी को CM ममता बनर्जी ने बताया निराशाजनक
उन्होंने सवाल किया,‘‘अब क्या किसी के लिए (ऐसा करने) की जरूरत है? कांग्रेस सरकार के खिलाफ आरोप इसलिए लगा रही है क्योंकि वे ‘‘दामन बचाना चाहते हैं।’’ इससे पहले कांग्रेस ने आईएनएक्स मीडिया मामले में पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम की गिरफ्तारी को लेकर भाजपा नीत सरकार पर तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को विरोधी नेताओं से व्यक्तिगत बदला लेने वाले विभाग के तौर पर बदल दिया गया है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चिदंबरम को सीबीआई ने नाटकीय घटनाक्रम के बाद बुधवार की रात गिरफ्तार कर लिया। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने एजेंसी के अतिथि गृह में रात गुजारी। कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने यह भी आरोप लगाया ‘‘पिछले दो दिनों में पूरे देश ने प्रजातंत्र की दिन दहाड़े और कभी रात को भी हत्या होते देखी।’’
उन्होंने कहा कि आईएनएक्स मीडिया मामले में कई आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, लेकिन एक वरिष्ठ नेता को किसी कानूनी आधार के बिना गिरफ्तार कर लिया गया। कांग्रेस के आरोपों को ‘‘बेबुनियाद’’ करार देकर खारिज करते हुए गौड़ा ने कहा,‘‘यह (ऐसी चीजों में लिप्त होने का) समय नहीं है क्योंकि हमें न केवल संसद बल्कि (देश के) विभिन्न हिस्सों में शानदार जनादेश मिला है, लोग (मोदी सरकार की) प्रशंसा कर रहे हैं। सभी पार्टी के लोग (विभिन्न दलों से नेता) हमारे (भाजपा के) साथ आ रहे हैं।’’