भारत और चीन पूर्वी लद्दाख में दोनों पक्षों के बीच तनाव को कम करने के रास्तों पर चर्चा करने के लिए सोमवार को लेफ्टिनेंट जनरल स्तर की दूसरे दौर की बातचीत कर रहे हैं। सरकारी सूत्रों ने बताया कि वार्ता पूर्वी लद्दाख में चीन की तरफ चुशुल सेक्टर के मोल्दो में सुबह साढ़े 11 बजे प्रस्तावित थी।
गलवान घाटी में चीनी सैनिकों के साथ हिंसक झड़प में 20 भारतीय सैनिकों के शहीद होने के एक हफ्ते बाद यह उच्च स्तरीय वार्ता हो रही है। वार्ता में भारतीय शिष्टमंडल की अगुवाई 14 कोर कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल हरिन्दर सिंह कर रहे हैं। लेफ्टिनेंट जनरल स्तर की पहले दौर की बातचीत छह जून को हुई थी जिसमें दोनों पक्षों ने सभी संवेदनशील इलाकों से सैनिकों को हटाने का फैसला किया था।
सूत्रों के अनुसार भारत की ओर से एलएसी पर पहले की स्थिति को बनाए रखने की मांग की जाएगी और गलवान जैसी घटना भविष्य में न हो, इसके लिए भी दोनों देशों के सैन्य अधिकारियों की ओर से बातचीत की जाएगी। इसके अलावा 6 जून के एग्रीमेंट पर भी बात होगी जिसमें तय हुआ था कि चीन अपनी सेना को एलएसी से पीछे ले जाएगी।


Download Android App
Download iOS App



