वरिष्ठ बीजेपी नेता लालकृष्ण आडवाणी की तबीयत बिगड़ी, दिल्ली AIIMS में कराए गए भर्ती

वरिष्ठ बीजेपी नेता लालकृष्ण आडवाणी की तबीयत बिगड़ी, दिल्ली AIIMS में कराए गए भर्ती

पूर्व उप प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें को बुधवार देर रात दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खबरों की माने तो उन्हें उम्र संबंधी तकलीफ होने के बाद अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल उन्हें एम्स के जरियाट्रिक डिपार्टमेंट के डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। आडवाणी को इस साल देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से भी सम्मानित किया गया।

फिलहाल लाल कृष्ण आडवाणी की तबीयत ठीक बताई जा रही है। एलके आडवाणी के स्वास्थ्य पर ताजा अपडेट अभी तक सामने नहीं आई है। एम्स के डॉक्टर्स और मेडिकल एक्सपर्ट्स की ओर से जल्द ही आडवाणी का मेडिकल बुलेटिन जारी किया जा सकता है। आडवाणी देश के सातवें उप प्रधानमंत्री रहे हैं।

देश सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से नवाजे गए आडवाणी

लालकृष्ण आडवाणी को इसी साल 30 मार्च को भारत रत्न से सम्मानित किया गया। इससे पहले साल 2015 में आडवाणी को देश के दूसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से नवाजा गया था।

भारतीय राजनीती में भूमिका

50 साल से भी अधिक अपने सक्रिय राजनीतिक जीवन में आडवाणी साल 1998 में बीजेपी की अगुवाई वाली एनडीए सरकार में गृह मंत्री बने। इसके अलावा 10वीं और 14वीं लोकसभा के दौरान आडवाणी सदन में नेता प्रतिपक्ष रहे। वह कई बार सांसद रहे। पहली बार राज्यसभा के जरिए 1970 में सांसद बने। आडवाणी 7 बार लोकसभा सांसद बने तो 4 बार राज्यसभा के सांसद चुने गए।

तीन बार बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे आडवाणी

राम मंदिर आंदोलन के अगुवा नेताओं में शुमार किए जाने वाले लाल कृष्ण आडवाणी ने भारतीय जनता पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर लाने में अथक प्रयास किया था। आडवाणी 1941 में चौदह साल की उम्र में आरएसएस में शामिल हुए  और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के जरिए अपने राजनीतिक करियर का आगाज किया था। वो उन नेताओं में शामिल रहे हैं जिन्होंने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की नींव रखी थी। आडवाणी 3 बार बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे। वह पहली बार 1986 में पार्टी के अध्यक्ष बने। तब वह 1990 तक पद पर रहे। इसके बाद आडवाणी 1993 में पार्टी अध्यक्ष बने और 1998 तक पद पर बने रहे। तीसरी और आखिरी बार साल 2004 में वह अध्यक्ष चुने गए और 2005 तक पद पर रहे।

कौन हैं लालकृष्ण आडवाणी आडवाणी

आडवाणी का जन्म 8 नवंबर 1927 को कराची में हुआ और भारत के विभाजन के दौरान वे भारत चले आए और मुंबई में बस गए जहां उन्होंने अपनी कॉलेज की शिक्षा पूरी की। वह एक सिंधी हिंदू परिवार से ताल्लुक रखते हैं। फरवरी 1965 में आडवाणी ने कमला आडवाणी से शादी की और उनका एक बेटा जयंत और एक बेटी प्रतिभा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

3 + 8 =

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।