Presidential Election Results : राष्ट्रपति , उपराष्ट्रपति ,प्रधानमंत्री सहित वरिष्ठ नेताओं ने द्रौपदी मुर्मू को दी बधाई - Latest News In Hindi, Breaking News In Hindi, ताजा ख़बरें, Daily News In Hindi

लोकसभा चुनाव 2024

पहला चरण - 19 अप्रैल

Days
Hours
Minutes
Seconds

102 सीट

दूसरा चरण - 26 अप्रैल

Days
Hours
Minutes
Seconds

89 सीट

तीसरा चरण - 7 मई

Days
Hours
Minutes
Seconds

94 सीट

चौथा चरण - 13 मई

Days
Hours
Minutes
Seconds

96 सीट

पांचवां चरण - 20 मई

Days
Hours
Minutes
Seconds

49 सीट

छठा चरण - 25 मई

Days
Hours
Minutes
Seconds

57 सीट

सातवां चरण - 1 जून

Days
Hours
Minutes
Seconds

57 सीट

दूसरा चरण - 26 अप्रैल

Days
Hours
Minutes
Seconds

89 सीट

Presidential Election Results : राष्ट्रपति , उपराष्ट्रपति ,प्रधानमंत्री सहित वरिष्ठ नेताओं ने द्रौपदी मुर्मू को दी बधाई

राष्ट्रपति , उपराष्ट्रपति ,प्रधानमंत्री सहित देश के विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं ने बृहस्पतिवार को द्रौपदी मुर्मू के देश का 15वां राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर उन्हें बधाई दी।

राष्ट्रपति , उपराष्ट्रपति ,प्रधानमंत्री सहित देश के विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं ने बृहस्पतिवार को द्रौपदी मुर्मू के देश का 15वां राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर उन्हें बधाई दी।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने गुरुवार को द्रौपदी मुर्मू को देश की अगली राष्ट्रपति चुने जाने पर बधाई दी। कोविंद ने ट्वीट किया,‘‘श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को भारत के 15वें राष्ट्रपति के रूप में चुने जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।’’
राष्ट्रपति कोविंद रविवार को अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा कर रहे हैं।
उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू को जीत के लिए बधाई दी और कहा कि लोगों से जुड़े मुद्दों की उनकी गहरी समझ से देश को काफी फायदा होगा।
राष्ट्रपति चुनाव के लिए जारी मतगणना में मुर्मू ने 50 प्रतिशत वोट का आंकड़ा पार कर लिया है।
उपराष्ट्रपति सचिवालय ने नायडू के हवाले से ट्वीट किया, ‘‘श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को भारत की 15वीं राष्ट्रपति के रूप में चुने जाने पर हार्दिक बधाई। सार्वजनिक जीवन में उनका व्यापक अनुभव, निस्वार्थ सेवा की भावना और लोगों से जुड़े मुद्दों की गहरी समझ से देश को काफी फायदा होगा। एक सफल कार्यकाल के लिए मेरी शुभकामनाएं।’’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल करने पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को बृहस्पतिवार को बधाई दी और कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव में पूर्वी भारत के सुदूर हिस्से से ताल्लुक रखने वाली एक आदिवासी समुदाय में जन्मी नेता को राष्ट्रपति निर्वाचित कर भारत ने इतिहास रच दिया है।
बाद में प्रधानमंत्री ने मुर्मू से मुलाकात की और उन्हें गुलदस्ता भेंट कर जीत की बधाई दी और कहा कि उनकी रिकॉर्ड जीत लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत है।
मुर्मू की जीत की घोषणा के बाद एक के बाद एक ट्वीट में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि विधायक, मंत्री और झारखंड के राज्यपाल के रूप में उनका कार्यकाल बहुत उत्कृष्ट रहा।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे पूरा भरोसा है कि वह एक उत्कृष्ट राष्ट्रपति होंगी जो आगे बढ़कर नेतृत्व करेंगी और भारत की विकास यात्रा को मजबूत करेंगी।’’
प्रधानमंत्री ने कहा कि द्रौपदी मुर्मू का जीवन, उनके शुरुआती संघर्ष, उनकी सेवा और उनकी उत्कृष्ट सफलता हर भारतीय को प्रेरित करती है। उन्होंने कहा, ‘‘वह एक उम्मीद की किरण के रूप में उभरी है, खासकर गरीबों, वंचितों और पिछड़ों के लिए।’’
उन्होंने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर राष्ट्रपति चुनाव में मुर्मू के पक्ष में मतदान करने वाले सभी सांसदों और विधायकों का धन्यवाद किया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल करने पर श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी है।
श्री सिंह और श्री शाह ने श्रीमती मुर्मू के आवास पर जाकर उन्हें बधाई दी और इसे देश के लिए गौरवान्वित करने वाला पल बताया।
श्री सिंह ने ट्वीट कर कहा, ‘‘ राष्ट्रपति चुनाव में प्रभावी जीत दर्ज करने के लिए श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को बधाई। वह गाँव, गरीब, वंचितों के साथ-साथ झुग्गी-झोपड़ियों में भी लोक कल्याण के लिए सक्रिय रही हैं। आज वह उनके बीच से निकल कर सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुँची हैं। यह भारतीय लोकतंत्र की ताकत का प्रमाण है। ’’ श्री शाह ने कहा, ‘‘ एक अति सामान्य जनजातीय परिवार से आने वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन प्रत्याशी श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी का भारत का राष्ट्रपति चुना जाना पूरे देश के लिए अत्यंत गौरव का पल है, उन्हें बधाई देता हूँ। यह विजय अन्त्योदय के संकल्प को चरितार्थ करने और जनजातीय समाज के सशक्तिकरण की दिशा में एक मील का पत्थर है।
श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी जिन विषम परिस्थितियों से संघर्ष करते हुए आज देश के इस सर्वोच्च पद पर पहुँची हैं, वह हमारे लोकतंत्र की अपार शक्ति को दर्शाता है। इतने संघर्षों के बाद भी उन्होंने जिस नि:स्वार्थ भाव से खुद को देश और समाज की सेवा में समर्पित किया, वह सभी के लिए प्रेरणादायी है।’’
भारतीय जनता पार्टी  के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने देश की नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बृहस्पतिवार को बधाई दी और कहा कि जनजातीय समुदाय की एक महिला का देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद के लिए चुना जाना एक स्वर्णिम क्षण है।
नड्डा ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘द्रौपदी मुर्मू को देश के 15वें राष्ट्रपति के रूप में चुने जाने पर हार्दिक बधाई।
जनजातीय समाज की महिला का राष्ट्रपति पद तक पहुंचना, देश के लिए स्वर्णिम क्षण हैं।’’
भाजपा अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि मुर्मू के प्रशासनिक व सामाजिक कार्यो की दक्षता व अनुभव से राष्ट्र को अप्रतिम लाभ मिलेगा।
एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा, ‘‘अंत्योदय का लक्ष्य लेकर सामाजिक परिवर्तन से राष्ट्र निर्माण में रत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में द्रौपदी मुर्मू का देश के सर्वोच्च पद पर आसीन होना दर्शाता है कि भाजपा सरकार हर वर्ग के कल्याण हेतु संकल्पबद्ध है।’’
 
राष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू की जीत पर उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि हर भारतीय उम्मीद करता है कि 15वें राष्ट्रपति के रूप में वह बिना किसी डर या पक्षपात के ‘‘संविधान के संरक्षक’’ के रूप में कार्य करेंगी।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने द्रौपदी मुर्मू के देश की राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर उन्हें बृहस्पतिवार को बधाई दी।
सोनिया ने एक बयान में कहा, ‘मैं निर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बधाई और शुभकामनायें देती हूं। मैं उनसे जल्द ही मुलाकात करने की उत्सुक हूं।’
राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘द्रौपदी मुर्मू जी को भारत का 15वां राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर बधाई और शुभकामनाएं।’’
मुख्य विपक्षी दल के महासचिव जयराम रमेश ने मुर्मू को बधाई देते हुए कहा कि वह आशा करते हैं कि राष्ट्रपति के रूप में मुर्मू केंद्र में (नरेंद्र) मोदी सरकार को, खासतौर पर वन और भूमि से जुड़े कानूनों को कमजोर किये जाने के लिए जवाबदेह ठहराएंगी।
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, ‘‘द्रौपदी मुर्मू को भारत की राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आशा है कि मुर्मू भारत के लोकतंत्र को मजबूत बनाने के संवैधानिक दायित्व का पूरी जिम्मेदारी से निर्वहन करेंगी।’’
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार ने ट्वीट कर कहा, ‘‘द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर बधाई। आप इस प्रतिष्ठित पद पर आसीन होने की तैयारी कर रही हैं, आपको मेरी शुभकमानाएं। राष्ट्रपति के कार्यकाल के लिए आपकी सफलता की कामना करता हूं।’’
 
तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ट्वीट किया, ‘‘ मैं द्रौपदी मुर्मू को बधाई देना चाहूंगी। देश राष्ट्राध्यक्ष के पद पर आपकी ओर गंभीरता से देखेगा कि हमारे संविधान के आदर्शों की रक्षा करें और लोकतंत्र की सरंक्षक बनें।’’
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, ‘‘देश के 15वें राष्ट्रपति के रूप में निर्वाचित होने पर आदरणीय द्रौपदी मुर्मू जी को बहुत-बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं।’’
बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने ट्वीट किया, ‘‘शोषित व अति-पिछड़े आदिवासी समाज की महिला द्रौपदी मुर्मू को देश के राष्ट्रपति पद के लिए हुए चुनाव में भारी मतों से आज निर्वाचित होने पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं ढेरों शुभकामनाएं। वे एक कुशल व सफल राष्ट्रपति साबित होंगी, ऐसी देश को उम्मीद है।’’
उन्होंने यह भी कहा, ‘‘देश में एसटी (अनुसूचित जनजाति) वर्ग की पहली महिला राष्ट्रपति उम्मीदवार होने के नाते बसपा ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर उन्हें अपना समर्थन व वोट दिया। अब सरकार संविधान की सही मंशा के हिसाब से उनके उत्तरदायित्वों को निभाने में उन्हें सहयोग करे ताकि जन अपेक्षा पूरी हो व देश का मान-सम्मान भरपूर बढ़े।’’
राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने कहा, ‘‘द्रौपदी मुर्मू जी को भारत के 15वें राष्ट्रपति के रूप में निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।’’
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने द्रौपदी मुर्मू की ऐतिहासिक विजय पर उन्हें हार्दिक बधाई दी है।
आधिकारिक बयान में उन्होंने कहा कि मुर्मू की विजय ‘नए भारत‘ के सर्वसमावेशी व सर्वस्पर्शी स्वरूप के प्रति अपार जन-विश्वास और ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ भाव की जीवंत तस्वीर है।
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा, ‘‘राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर माननीया द्रौपदी मुर्मू जी को अनंत बधाई एवं हार्दिक शुभकामनायें।’’
बिहार के राज्यपाल फागू चौहान और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने द्रौपदी मुर्मू को भारत का राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनायें दीं।
राज्यपाल फागू चौहान ने आशा व्यक्त की है कि मुर्मू के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में देश निरंतर आगे बढ़ेगा तथा कमजोर एवं वंचित वर्ग व संघर्षशील लोगों को विकास की एक नई राह मिलेगी।
बिहार के उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद एवं रेणु देवी तथा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय जायसवाल ने भी मुर्मू को उनकी जीत पर बधाई दी।
राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी पी जोशी व पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सहित तमाम नेताओं ने बृहस्पतिवार को द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद पर निर्वाचित होने पर बधाई दी।
राजभवन के प्रवक्ता ने कहा कि राज्यपाल मिश्र ने बृहस्पतिवार को नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को फोन करके व्यक्तिगत बधाई और शुभकामनाएं दीं। साथ ही राज्यपाल ने विश्वास व्यक्त किया कि मुर्मू के नेतृत्व में देश का गौरव और बढ़ेगा।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. जोशी, पूर्व मुख्यमंत्री राजे, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनियां सहित अन्य नेताओं ने भी मुर्मू को राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर बधाई प्रेषित की है। वहीं, भाजपा मुख्यालय में कार्यकर्ताओं ने पटाखे चलाकर और एक दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ट्वीट किया, ‘‘ माननीया द्रौपदी मुर्मू को देश की 15वीं राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर बहुत-बहुत बधाई।’’
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने ट्वीट किया, ‘‘नारी-शिक्षा, शौर्य, सशक्तिकरण और जनजातीय स्वाभिमान का प्रतीक बन चुकीं द्रौपदी मुर्मू जी का राष्ट्रपति भवन में पहुंचना भारत के जीवंत लोकतंत्र का अनुपम उदाहरण है। देश के 15 वें राष्ट्रपति के रूप में निर्वाचित होने पर आदरणीय द्रौपदी मुर्मू जी का हृदय की गहराईयों से अभिनंदन।’’
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुर्मू को बधाई देते हुए कहा, ‘‘शीर्ष संवैधानिक पद के लिए आपका चुनाव महिला सशक्तिकरण और स्वस्थ लोकतंत्र की दिशा में एक सुनहरे अध्याय की शुरुआत का प्रतीक है।’’
जम्मू-कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि मुर्मू की जीत देश के लिए गर्व का क्षण और ऐतिहासिक दिन है।
झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस ने अपने बधाई संदेश में कहा, ‘‘भारत के 15वें राष्ट्रपति के रूप में निर्वाचित होने पर झारखण्ड राज्य की पूर्व राज्यपाल आदरणीय श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं। आपके राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर झारखंड में विशेष उत्साह का माहौल है।’’
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने द्रौपदी मुर्मू को जीत की बधाई दी और कहा, ‘‘भगवान बिरसा मुंडा और अमर शहीद सिद्धू-कान्हू की वीर भूमि तथा समस्त झारखंडवासियों की ओर से आपको जोहार।’’
राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी समेत झारखंड की भाजपा इकाई के कई नेताओं ने मुर्मू के राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर उन्हें बधाई दी।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुर्मू की जीत पर बधाई देते हुए ट्वीट किया, ‘‘हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी व राजग के केंद्रीय नेतृत्व को हृदय से धन्यवाद देते हैं कि एक जनजातीय बहन जो सक्षम योग्य, समर्पित और कर्मठ हैं, उनको राष्ट्रपति पद के लिए चुना है, और आज सौभाग्य से वह देश की राष्ट्रपति हैं।’
तेलंगाना की राज्यपाल ने तमिलीसाई सौंदरराजन ने भी मुर्मू को राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर बधाई दी है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

5 + 16 =

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।