कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने सोमवार को विवाद खड़ा कर दिया जब उनकी एक महिला कार्यकर्ता से कहासुनी हो गयी और उन्होंने महिला से माइक छीन लिया और इस दौरान उसका दुपट्टा भी गिर गया।
घटना के बाद आलोचनाओं का सामना कर रहे वरिष्ठ कांग्रेसी नेता ने कहा कि वाकया दुर्घटनावश घटा और इसमें कोई दुर्भावना नहीं थी। महिला उनकी बहन की तरह है।
घटना मैसुरू के वरुणा की है जहां से सिद्धरमैया के बेटे यतींद्र विधायक हैं। सिद्धरमैया, उनके बेटे और अन्य लोगों ने आगामी लोकसभा चुनाव से पहले जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया था। घटना कैमरे में रिकार्ड हो गयी और वायरल हो गयी।
CM कुमारस्वामी ने दी कुर्सी छोड़ने की धमकी, कहा कांग्रेस विधायक क्रॉस कर रहे लाइन
भाजपा ने घटना की निंदा की है, वहीं राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने कहा कि आयोग कर्नाटक पुलिस को पत्र लिखकर मामले में उचित कार्रवाई को कहेगा।
वीडियो में देखा जा सकता है कि सिद्धरमैया और पूर्व जिला पंचायत सदस्य जमालार के बीच कहासुनी हो रही है। महिला ने कहा कि वह इस बात से दुखी है कि विधायक यतींद्र ने निर्वाचित होने के सात महीने ऐसे ही निकाल दिये। उसने कहा कि मैं चुप रहने वाली नहीं हूं।
इससे सिद्धरमैया नाराज हो गये और उन्होंने कहा कि उनका बेटा विधानसभा क्षेत्र का दौरा करता है। इसका महिला ने विरोध किया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बी एस येदियुरप्पा ने सिद्धरमैया की निंदा करते हुए कहा कि महिला कांग्रेस से जुड़ी है और विधायक के उपलब्ध नहीं होने की शिकायत कर रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘उसकी शिकायत पर ध्यान देने के बजाय सिद्धरमैया ने उससे माइक छीनकर और उस पर चिल्लाकर गुस्सा दिखाया।’’ बाद में सिद्धरमैया ने ट्वीट किया कि वह महिला को 15 साल से ज्यादा वक्त से जानते हैं और वह उनकी बहन की तरह है।
भाजपा की निंदा पर सिद्धरमैया ने पलटवार करते हुए कहा कि हमारी पार्टी कार्यकर्ता जमालार ने वरुणा की घटना पर स्थिति स्पष्ट कर दी है। सब जानते हैं कि भाजपा महिलाओं को कितना सम्मान देती है।