कांग्रेस पार्टी आज अपना 137वां स्थापना दिवस मना रही है। पार्टी के जन्मदिवस पर अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने जमकर केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) देश के सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने की कोशिश हो रही है, जिसके खिलाफ कांग्रेस हर हाल में लड़ेगी। दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में हुए आयोजन में सोनिया ने कहा की लोकतंत्र को चोट पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। यह लोग अपने आपको इतिहास में वो स्थान देना चाहते हैं जिसके योग्य ये नहीं हैं।
कांग्रेस सोनिया ने किया BJP पर वार
सोनिया ने आगे कहा कि हम इस विचारधारा के खिलाफ हर हाल में अपनी पूरी ताकत से लड़ेंगे, विभाजनकारी विचारधारा जिनका हमारी देश की आजादी में कोई योगदान नहीं रहा वह हमारे देश की सामाजिक एकता को खत्म करने का प्रयास कर रही है। यह देश को धर्म के नाम पर विभाजित कर रही है साथ ही डर और नफरत का माहौल बना रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा इतिहास को झुठला रही है और देश की विरासत को मिटाने की कोशिश कर रही है।
ऐसे वक्त में कांग्रेस चुप नहीं रह सकती। देश की विरासत को किसी को भी नष्ट करने की इजाजत नहीं देगी। आम जनमानस के लिए, लोकतंत्र की रक्षा के लिए, देश विरोधी, समाज विरोधी साजिशों के खिलाफ हर संभव संघर्ष करेगी, हर कुबार्नी देगी।
137वां स्थापना दिवस मना रही है कांग्रेस
इस मौके पर पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर कांग्रेस स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुये कहा कि कांग्रेस को लोकतंत्र की स्थापना करने वाली पार्टी बताया है और इस धरोहर पर उन्हें गर्व है। कांग्रेस स्थापना दिवस पर दिल्ली स्थित पार्टी के मुख्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर सोनिया गांधी व राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, सहित कांग्रेस के तमाम वरिष्ठ नेता मौजूद थे। कार्यक्रम में पार्टी कार्यालय पर झंडा फहराने की कोशिश में ध्वज सीधे नीचे आकर सोनिया के हाथों में गिर गया, जिसके बाद सोनिया गांधी ने हाथ से ही झंडा फहरा दिया।