केन्द्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह ने बुधवार को साइबर तकनीक को बड़े खतरों में से एक बताया है। इसके साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई है कि साइबर सुरक्षा की समस्या पर जल्द ही काबू कर लिया जाएगा।
जितेन्द्र सिंह ने ‘नयी राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा रणनीति’ के विषय पर 12वें भारत सुरक्षा सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि डिजिटल संस्कृति एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी को स्थानांतरित की जा रही है।
उन्होंने कहा कि भारतीय समाज प्रौद्योगिकी और विशेष संचार प्रौद्योगिकी के मामले में तेजी से विकसित हुआ है। उन्होंने कहा कि हर तकनीक की एक उपयोगिता होती है।
सिंह ने राष्ट्रीय सुरक्षा के मद्देनजर साइबर खतरे का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस प्रकार साइबर तकनीक एक बड़ा वरदान है। लेकिन एक वरदान के अलावा यह तकनीक सबसे बड़े खतरों में से एक बन गई है।
उन्होंने कहा कि प्राथमिकताओं को निर्धारित करने की आवश्यकता है। उन्होंने आशा व्यक्त की है कि साइबर सुरक्षा के खतरे को जल्द ही काबू कर लिया जाएगा और हम जल्द ही साइबर खतरों से निपटने के तरीके खोज लेंगे।