संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा सांसद रमा देवी के लिए आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सपा सदस्य आजम खान से सदन में माफी मांगने के लिये कहेंगे । लोकसभा के स्पीकर की अध्यक्षता में विभिन्न दलों के नेताओं की बैठक में यह तय हुआ कि खान को माफी मांगना चाहिए या फिर वह कार्रवाई के लिये तैयार रहें ।
जोशी ने कहा, ‘‘ स्पीकर द्वारा आजम खान से रमा देवी के प्रति उनकी टिप्पणी के लिये सदन में बिना शर्त माफी मांगने के लिये कहा जाएगा । अगर वह (आजम) ऐसा नहीं करते हैं तब स्पीकर को आगे की कार्रवाई के लिये अधिकृत किया गया है । ’’लोकसभा में भाजपा, कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, राकांपा सहित सभी दलों ने गुरूवार को पीठासीन सभापति रमा देवी के बारे में सपा सांसद आजम खान की टिप्पणी की शुक्रवार को पार्टी लाइन से हटकर कड़ी भर्त्सना करते हुए इसे ‘कुटिल, दुर्भावनापूर्ण, अपमानजनक’ बताया तथा स्पीकर से इस मामले में ‘कठोरतम’ कार्रवाई करने की मांग की ।
इस मामले पर शून्यकाल में निचले सदन में विभिन्न दलों की महिला सांसदों समेत कई दलों के नेताओं ने करीब एक घंटे तक सपा सदस्य की टिप्पणी पर अपना कड़ा विरोध जताया । महिला सांसदों ने स्पीकर से ऐसी कार्रवाई करने की मांग की जो ‘नजीर’ बन सके । वहीं, रमा देवी ने कहा कि उन्हें :खान: लोकसभा से पूरे पांच वर्ष के लिये निलंबित किया जाना चाहिए ।


Download Android App
Download iOS App



