संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की अध्यक्ष सोनिया गांधी समेत राष्ट्रीय स्तर के विपक्ष के कई नेता केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को चुनौती देने के लिए एक धर्मनिरपेक्ष मोर्चा बनाने के मकसद से रविवार को चेन्नई पहुंचेंगे। ये सभी नेता द्रमुक मुख्यालय ‘अन्ना अरियावलम’ में पूर्व मुख्यमंत्री एवं द्रमुक अध्यक्ष एम करुणानिधि की आदमकद कांस्य प्रतिमा के अनावरण के मौके पर एकत्रित होंगे। प्रतिमा का अनावरण सोनिया गांधी करेंगी।
इस अवसर पर द्रमुक अध्यक्ष एम के स्टालिन, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू, केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन, पुड्डुचेरी के मुख्यमंत्री वी नारायणसामी, तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी, आईयूएमएल, एमएमके और अन्य दलों के नेता मौजूद रहेंगे।
प्रतिमा के अनावरण के बाद विपक्षी नेता वाईएमसीए मैदान में एकत्रित होंगे जहां एक विशाल जनसभा का आयोजन किया जाएगा। इस जनसभा के दौरान ही भाजपा को चुनौती देने के लिए ‘महागठबंधन’ की घोषणा की उम्मीद है। भाजपा नीत राजग गठबंधन से बाहर आने के बाद नायडू सभी धर्मनिरपेक्ष दलों को एकजुट करने और केंद्र के खिलाफ मजबूत गठबंधन बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
करुणानिधि बेहद दयालु, मेरे लिए पिता समान : सोनिया गांधी
माना जा रहा है कि इस जनसभा में विपक्ष अपना शक्ति प्रदर्शन करेगा। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस द्वारा पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में तीन राज्यों में जीत हासिल करने और भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेंकने से उत्साहित विपक्ष आगामी लोकसभा चुनावों में भाजपा नीत राजग को कड़ी टक्कर देने की स्थिति में है। इस कार्यक्रम के मद्देनजर शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
सोनिया गांधी यहां पहुंचने के तुरंत बाद मरीना बीच पर करुणानिधि की समाधि पर श्रद्धा सुमन अर्पित करेंगी। इसके बाद वह उनकी प्रतिमा का अनावरण करेंगी और फिर जनसभा के लिए रवाना होंगी। राजनीति में कदम रखने की पुष्टि कर चुके सुपरस्टार रजनीकांत के भी प्रतिमा के अनावरण के समारोह में हिस्सा लेने की संभावना है।