UP कांग्रेस अध्यक्ष घर में नजरबंद, राहुल के हाथरस दौरे के मद्देनजर DND पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

Summary :

लल्लू ने कहा कि उन्हे उनके घर में देर रात एक बजे से ही नजरबंद कर दिया गया है। उन्हे कहीं बाहर जाने की मनाही है। पुलिस पूछने पर बताती है कि उनकी सुरक्षा के लिए ये कदम उठाया गया है।

उत्तर प्रदेश में हाथरस की घटना पर मुखर कांग्रेस के बढ़ते कदमो को थामने के लिये योगी सरकार ने तमाम इंतजाम किये हैं। इस कवायद में कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के लखनऊ स्थित बहुखंडी आवास में देर रात से ही पहरा बैठा दिया गया है वहीं कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के हाथरस के संभावित दौरे के मद्देनजर दिल्ली सीमा पर सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम किये गये हैं।
लल्लू ने कहा कि उन्हे उनके घर में देर रात एक बजे से ही नजरबंद कर दिया गया है। उन्हे कहीं बाहर जाने की मनाही है। पुलिस पूछने पर बताती है कि उनकी सुरक्षा के लिए ये कदम उठाया गया है। आखिर ये सरकार क्या छुपाना चाहती है। कानून व्यवस्था संभालने में नाकाम सरकार विरोध की आवाज भी दबाना चाहती है।
उधर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट किया ‘‘दुनिया की कोई भी ताकत मुझे हाथरस के इस दुखी परिवार से मिलकर उनका दर्द बांटने से नहीं रोक सकती।’’ यूपी में कांग्रेस की राजनैतिक जड़ सींचने में जुटी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट किया ‘‘ यूपी सरकार नैतिक रूप से भ्रष्ट है। पीड़ित को इलाज नहीं मिला, समय पर शिकायत नहीं लिखी, शव को जबरदस्ती जलाया, परिवार कैद में है, उन्हें दबाया जा रहा है। अब उन्हें धमकी दी जा रही कि नार्को टेस्ट होगा। ये व्यवहार देश को मंजूर नहीं। पीड़ित के परिवार को धमकाना बंद कीजिए।’’

पीड़ित के परिवार से मिलने के लिए हाथरस रवाना हुए UP के अपर मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक

Desk Team