7,000 करोड़ रुपये के बैंक धोखाधड़ी मामले में भगोड़े हीरा कारोबारी नीरव मोदी को बड़ा झटका लगा है। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने नीरव मोदी के अहम सहयोगी सुभाष शंकर परब को मिस्र से मुंबई वापस लाने में सफलता हासिल की है। परब के भारत प्रत्यर्पण के लिए सीबीआई लंबे वक्त से ऑपरेशन चला रही थी।
अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि परब ‘फायरस्टार डायमंड’ में उप महाप्रबंधक (वित्त) था। उन्होंने बताया कि काहिरा में कथित रूप से छुपे हुए परब को ‘‘निर्वासित किए जाने के बाद’’ मंगलवार तड़के मुंबई लाया गया। अधिकारियों ने बताया कि नीरव मोदी और उसके मामा मेहुल चोकसी की संलिप्तता वाला मामला सामने के बाद से परब फरार था।
7000 करोड़ रुपये का घोटाला कर फरार हुआ नीरव
बता दें कि नीरव मोदी ने पीएनबी से करीब 7000 करोड़ रुपये का घोटाला किया था। जिसके बाद वह विदेश भाग गया था। फिलहाल वह लंदन की एक जेल में है। भारत सरकार उसे वापस लाने की हर संभव कोशिश कर रही है। नीरव मोदी ने 2017 में अपनी कंपनी फायरस्टार डायमंड के जरिए प्रतिष्ठित रिदम हाउस बिल्डिंग खरीदी थी। उसका प्लान इसे हेरिटेज प्रॉपर्टी में बदलने का था। माना जाता है कि उसने ज्यादातर संपत्तियां पीएनबी घोटाले से हासिल रकम से खरीदी थी।