भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई में लंबे समय से संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे सुनील बंसल को बुधवार को पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया गया। पार्टी की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
महासचिव के साथ मिला तीन राज्यों का प्रभार
भाजपा महासचिव अरुण सिंह के हवाले से जारी इस बयान में कहा गया कि पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने सुनील बंसल को राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया है और इसके साथ ही उन्हें पश्चिम बंगाल, ओडिशा और तेलंगाना के प्रभारी की भी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
धर्मपाल को यूपी के प्रभार की जिम्मेदारी
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्व राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री सुनील बंसल को वर्ष 2014 में उत्तर प्रदेश में भाजपा का संगठन महामंत्री नियुक्त किया गया था। पार्टी ने बंसल के स्थान पर झारखंड में भाजपा के संगठन महासचिव का दायित्व संभाल रहे धर्मपाल जी को उत्तर प्रदेश में संगठन महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी है। उत्तर प्रदेश में अभी तक सह संगठन महासचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे कर्मवीर जी को धर्मपाल जी के स्थान पर झारखंड में भाजपा का संगठन महासचिव नियुक्त किया गया है।