सीबीआई ने अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत मौत मामले में बुधवार को लगातार दूसरे दिन अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती के पिता से पूछताछ की। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रिया के पिता से करीब दस घंटे तक पूछताछ हुयी। राजपूत 14 जून को उपनगरीय बांद्रा में अपने फ्लैट में फंदे से लटके मिले थे।
28 वर्षीय चक्रवर्ती और उनके परिवार के सदस्यों पर राजपूत (34) को आत्महत्या के लिये उकसाने का आरोप लगाया गया है। अधिकारी ने बताया कि रिया के पिता इंद्रजीत चक्रवर्ती सुबह करीब साढ़े दस बजे एक कार से उपनगरीय कालीना स्थित डीआरडीओ अतिथि गृह पहुंचे, जहां केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की टीम ठहरी हुई है।
उनकी कार के साथ पुलिस की भी एक गाड़ी थी। पूछताछ के बाद वह रात में करीब 8.30 बजे वहां से बाहर निकले। अधिकारी के अनुसार सुशांत के प्रबंधक सैमुअल मिरांडा, उनके रसोइये नीरज सिंह, घरेलू सहायक केशव और वित्तीय प्रबंधक श्रुति मोदी आदि भी पूछताछ के लिए सुबह अतिथि गृह पहुंचे। वे सभी चक्रवर्ती के बाद वहां से बाहर निकले।
अधिकारी ने कहा कि रिया चक्रवर्ती, उनके भाई और मां को बुधवार को नहीं बुलाया गया था। इससे पहले मंगलवार को जांच टीम ने रिया के पिता और मां से आठ घंटे से भी अधिक समय तक पूछताछ की थी। रिया से पिछले शुक्रवार से सोमवार तक चार दिन में करीब 35 घंटे तक पूछताछ की गई थी।


Download Android App
Download iOS App



