केंद्रीय मंत्री थावर चंद गहलोत और राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, रामदास अठावले और रतनलाल कटारिया ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारित मंत्रालय में मंगलवार को अपना-अपना कार्यभार संभाल लिया है। इस अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता सचिव नीलम साहनी और दिव्यांगजन कल्याण विभाग सचिव शकुंतला गैमलिन तथा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
सभी मंत्रियों का फूलों का गुलदस्ता से स्वागत किया गया। बाद में थावर चंद गहलोत ने राज्यमंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक बैठक की और मंत्रालय की विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। थावर चंद गहलोत, कृष्णपाल गुर्जर और अठावले पिछली सरकार में भी इसी मंत्रालय में थे।
प्रहलाद पटेल ने पर्यटन मंत्री के रूप में संभाला कामकाज

केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने मंगलवार को पर्यटन मंत्रालय का कामकाज संभाला और कहा कि उनका प्रयास पिछले पांच साल में इस क्षेत्र में किये गये कामों को आगे बढ़ाने तथा बुंदेलखंड क्षेत्र से जुड़ी गलत धारणाओं को बदलने का होगा। मध्य प्रदेश के दमोह से बीजेपी सांसद और मणिपुर में पार्टी का प्रभार संभाल चुके पटेल ने कहा कि पूर्वोत्तर में अब पर्यटन के और भी अवसर खुल रहे हैं।
वह पर्यटन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में कामकाज संभालने के बाद यहां परिवहन भवन में अपने कार्यालय में संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे। जब पटेल से पूछा गया कि उनकी प्राथमिकताएं क्या होंगी तो उन्होंने कहा, ‘‘मैंने अभी कामकाज संभाला ही है और सभी पर्यटन परिपथों, धार्मिक या सांस्कृतिक क्षेत्रों की स्थिति का पूरी तरह आकलन करने के बाद इस बारे में फैसला किया जाएगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन एक मंत्री होने के नाते मैं मोदी सरकार द्वारा पिछले पांच साल में पर्यटन क्षेत्र में किये गये कामों को आगे बढ़ाने का प्रयास करुंगा और तय समय से पहले काम पूरा करने का प्रयास करुंगा।’’ अपने क्षेत्र के विकास के सवाल पर उन्होंने कहा, ‘‘मेरा कर्तव्य पूरे देश के लिए काम करना है लेकिन बुंदेलखंड क्षेत्र से जुड़ी गलत धारणाओं को बदलना भी मेरी प्राथमिकताओं में होगा।’’
पटेल ने कहा, ‘‘बुंदेलखंड के बारे में लोगों की गलत धारणा है कि वहां बहुत गरीबी है और विस्थापन हो रहा है। लेकिन उसके समृद्ध इतिहास और धरोहर को उसका उचित सम्मान नहीं मिला है। मंत्री होने के नाते मेरी प्राथमिकता इस क्षेत्र को इसका सम्मान दिलाना है।’’


Download Android App
Download iOS App



