देश में कोरोना वायरस महामारी का आतंक धीरे-धीरे थमता जा रहा है। इसके साथ ही टीकाकरण अभियान में भी तेजी से वृद्धि हो रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को अब तक कोविड-19 टीकों की 100 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं।
राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के पास अब भी 10.53 करोड़ से अधिक खुराक उपलब्ध
सरकार के अनुसार, राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के पास अब भी 10.53 करोड़ से अधिक (10,53,11,155) खुराक उपलब्ध हैं, जिनका उपयोग किया जाना है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि टीकों की उपलब्धता बढ़ने से टीकाकरण अभियान में तेजी आई है।
राज्यों तथा केन्द्रशासित प्रदेशों को टीकों की उपलब्धता का पहले से पता चलने से वे बेहतर योजना बना सकते हैं तथा टीकों की आपूर्ति श्रंखला भी व्यवस्थित रहती है। मंत्रालय ने कहा कि राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के हिस्से के तहत, राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों को मुफ्त में टीके उपलब्ध कराकर केन्द्र उनका समर्थन कर रहा है।
देश में लगातार 21 दिनों से कोविड-19 के दैनिक मामले 30 हजार से कम हैं
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण से 379 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 4,51,814 हो गई। देश में लगातार 21 दिनों से कोविड-19 के दैनिक मामले 30 हजार से कम हैं और 110 दिन से 50 हजार से कम नए दैनिक मामले सामने आ रहे हैं।
उपचाराधीन मरीजों की संख्या भी घट कर 2,03,678 रह गई है
दूसरी ओर, देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या भी घट कर 2,03,678 रह गई है, जो कुल मामलों का 0.60 प्रतिशत है। यह दर मार्च 2020 के बाद से सबसे कम है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.07 प्रतिशत है, जो मार्च 2020 के बाद से सर्वाधिक है। देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितंबर को 40 लाख से अधिक हो गई थी।