बढ़ते कोरोना और ओमिक्रोन के मामलों को देखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि पिछले 3-4 दिनों में कोविड केस बढ़े हैं। दिल्ली और महाराष्ट्र से केस ज्यादा आ रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि हम सभी राज्यों के संपर्क में हैं और गाइडलाइंस जारी की गई हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के जॉइंट सेक्रेटरी लव अग्रवाल ने कहा, आज 82402 केस हैं जबकि औसतन 8009 केस आ रहे हैं। केस पॉजिटिविटी रेट 0.92% है। भारत के 22 राज्यों में 961 केस ओमिक्रोन के हैं, जिसमें से 320 मरीज ठीक हो चुके हैं।
देश में रोजाना 10,000 मामले सामने आ रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि मिजोरम के 6 जिलों, अरुणाचल प्रदेश के एक जिले, पश्चिम बंगाल के कोलकाता सहित 8 जिलों में 10% से अधिक की साप्ताहिक पॉजिटिविटी रेट नोट की जा रही है। उन्होंने कहा कि 14 जिलों में साप्ताहिक मामले की पॉजिटिविटी रेट 5-10% के बीच है।
इन राज्यों ने बढ़ाई टेंशन
मंत्रालय का कहना है कि भारत में 33 दिनों के बाद कोविड-19 के एक दिन में 10 हजार से ज्यादा मामले सामने आए हैं, मामलों में तेजी से वृद्धि के मद्देनजर सतर्कता बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि साप्ताहिक कोविड-19 मामलों और संक्रमण दर के आधार पर महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, दिल्ली, कर्नाटक, गुजरात चिंता वाले राज्य/केंद्र शासित प्रदेश बनकर उभर रहे हैं।
‘90% वयस्क आबादी को पहली खुराक लग चुकी है’
मंत्रालय ने बताया कि भारत में कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वैरिएंट के 961 मामले हैं, जिनमें से 320 मरीज ठीक हो चुके हैं। लव अग्रवाल ने कहा कि भारत में लगभग 90% वयस्क आबादी को पहली खुराक के साथ COVID-19 के खिलाफ टीका लगाया जा चुका है।
भारत में बढ़ रहे हैं कोरोना के मामले-
लव अग्रवाल ने कहा, ’26 दिसंबर से भारत में रोज़ाना 10 हजार केस सामने आ रहे हैं। वैक्सीनेशन के पहले और बाद में भी मास्क का इस्तेमाल करना बहुत जरूरी है। भीड़ लगाने से बचना चाहिए। पहले और अभी ओमिक्रॉन के मरीजों को बराबर इलाज दिया जा रहा है। अभी हमारा पूरा ज़ोर होम आइसोलेशन पर रहेगा। पिछली बार भी होम आइसोलेशन एक मजबूत स्तंब साबित हुआ था। सभी कोरोना वैक्सीन का काम बीमारी के खतरे को कम करना है, कोई भी वैक्सीन बीमारी के फैलने को कम नहीं कर सकती।’