आज देशभर में मनाया जा रहा है 72वां सेना दिवस, राष्ट्रपति कोविंद, उपराष्ट्रपति नायडू और PM मोदी ने दी बधाई

Summary :

सेना दिवस के मोके पर चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत, सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवाने, वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आरकेएस भदौरिया और नौसेना प्रमुख एडमिरल करमबीर सिंह ने नेशनल वॉर मेमोरियल पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

आज पूरे देश में 72वां सेना दिवस मनाया जा रहा है। इस खास मौके पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति वैंकेया नायडू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी शुभकामनाएं दी। राष्ट्रपति कोविंद ने ट्वीट कर कहा,‘‘सेना दिवस के अवसर पर भारतीय सेना के सभी फौजी भाई-बहनों, युद्धवीरों और उनके परिवारों को बधाई। आप हमारे राष्ट्र के गौरव हैं और हमारी आजादी के रखवाले। आपकी सर्वोच्च त्याग भावना ने हमारी संप्रभुता की रक्षा की है, देश का गौरव बढ़या है और लोगों की सुरक्षा की है। जय हिन्द!’’ 


उपराष्ट्रपति नायडू ने ट्वीट कर कहा,‘‘सेना दिवस के अवसर पर सेना के अधिकारियों, सैनिकों तथा भूतपूर्व सैनिकों के शौर्य, राष्ट्र निष्ठा और अनुशासित कर्तव्य परायणता का कृतज्ञ अभिनन्दन करता हूं। सैनिकों के परिजनों के त्याग और धैर्य को प्रणाम करता हूं।’’ उन्होंने कहा,‘‘देश की सेनाओं ने, न केवल देश की सीमाओं को निरापद किया है बल्कि आतंकवाद से देश को आंतरिक सुरक्षा भी प्रदान की है। राष्ट्रीय आपदा के समय बचाव कार्यों में आपकी सहायता से प्रभावित लोगों के लिए बड़ी राहत मिली है।’’ 


प्रधानमंत्री मोदी ने इस मोके पर ट्वीट कर लिखा, भारत की सेना मां भारती की आन-बान और शान है। सेना दिवस के अवसर पर मैं देश के सभी सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य और पराक्रम को सलाम करता हूं। साथ ही उन्होंने एक वीडियो भी ट्वीट किया और लिखा, हमारी सेना अपनी वीरता और व्यावसायिकता के लिए जानी जाती है। इसकी मानवीय भावना के लिए भी सम्मान किया जाता है। जब भी लोगों को मदद की जरूरत होती है, हमारी सेना मौके पर पहुंच गई है और हर संभव मदद की है! हमारी सेना पर गर्व है। मैं शमीमा और उनके बच्चे के अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करता हूं। 


सेना दिवस के मोके पर चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत, सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवाने, वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आरकेएस भदौरिया और नौसेना प्रमुख एडमिरल करमबीर सिंह ने नेशनल वॉर मेमोरियल पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

Desk Team