देश के कई शहरों में भीषण गर्मी से हाहाकार मचा हुआ है। कड़कती धुप और तेज लू के कारण लोगों व जानवरों का बुरा हाल है। गर्मी के कारण देश के कई हिस्सें पानी की कमी और सूखा से प्रभावित है। मौसम विभाग की ओर से देश के कुछ हिस्सों में तेज आंधी-तूफान की संंभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज आंधी और तूफान आ सकता है।
इस दौरान हवाओं की अधिकतम रफ्तार 30-40 किमी प्रति घंटा हो सकती है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार अगले 3-4 दिनों के दौरान राजस्थान, मध्य प्रदेश और विदर्भ पर गर्मी की गंभीर स्थिति होने की संभावना है। वहीं बुधवार को मध्य प्रदेश के नौगांव में 47.9 डिग्री का अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक इससे भीषण गर्मी और सूर्य की तेज तपिश झेल रहे इन इलाके के लोगों को बड़ी राहत मिल सकती है। वहीं मानसून की बात करें तो दिल्ली-NCR में मानसून के पहुंचने में 10 से 15 दिन तक की देरी हो सकती है। ‘आगामी 48 घंटों के अंदर मानसून के केरल तट से टकराने के आसार हैं। आम तौर पर दिल्ली-एनसीआर में जून के आखिरी सप्ताह तक मॉनसून पहुंचता है, लेकिन इस बार 10-15 दिन की और देरी से पहुंचेगा।’