देश में कोरोना संक्रमण की रफ्तार धीमी होती जा रही है। कोरोना का रिकवरी रेट बढ़कर 97 प्रतिशत के करीब पहुंच गया है वहीं एक्टिव केस में गिरावट का सिलसिला जारी है। पिछले 24 घंटों में संक्रमण के 13,052 नए मामले सामने आए जिससे संक्रमितों का आंकड़ा एक करोड़ सात लाख 46 हजार से अधिक हो गया है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से रविवार सुबह जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों में संक्रमण के 13,052 नए मामले सामने आये जिससे संक्रमितों का आंकड़ा एक करोड़ सात लाख 46 हजार से अधिक हो गया है। इसी दौरान 13,965 मरीज स्वस्थ हुए जिसके साथ कोरोना मुक्त होने वालों की संख्या एक करोड़ चार लाख 23 हजार 125 हो गयी और रिकवरी रेट 96.99 हो गया है।
विश्व में कोरोना का प्रकोप जारी, मरीजों का आंकड़ा 10.25 करोड़ से पार
वहीं एक्टिव केस 1040 कम होकर 1.68 लाख रह गए हैं। इसी अवधि में 127 मरीजों की मौत हो गई और मृतकों का आंकड़ा एक लाख 54 हजार 274 हो गया। देश में एक्टिव केस की दर घटकर 1.57 फीसदी रह गई है जबकि डेथ रेट अब भी 1.44 प्रतिशत है। महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में सबसे ज्यादा 1053 एक्टिव केस बढे हैं जिससे इनकी संख्या 45,437 हो गई है।
वहीं 1535 मरीज स्वस्थ हुए, जिसे मिलाकर कोरोना को मात देने वालों की तादाद 19.27 लाख हो गयी है जबकि 42 और मरीजों की मौत से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 51,042 हो गया है। केरल में इसी दौरान 768 एक्टिव केस कम हुए हैं और सबसे अधिक 7032 मरीज स्वस्थ हुए हैं। राज्य में एक्टिव केस अब 71,714 हो गए हैं, वहीं कोरोना को मात देने वालों का आंकड़ा बढ़कर 8.48 लाख हो गया है जबकि 18 और मरीजों की मौत से मृतकों की संख्या 3722 हो गई है।
एक्टिव केस में केरल अभी पहले स्थान पर है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक्टिव केस 115 कम हुए हैं और इनकी संख्या अब 1436 रह गयी है। वहीं आठ और मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 10,849 हो गया है। दिल्ली में अब तक 6.22 लाख से अधिक मरीज कोरोनामुक्त हुए हैं।