देश में कोरोना वायरस के दैनिक आंकड़ों में एक बार फिर उछाल आया है। पिछले 24 घंटों में 35 हज़ार से ज्यादा लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। वहीं इस दौरान 281 लोगों की कोरोना से मौत हुई। नए मामलों के साथ देश में अब तक संक्रमितों का आंकड़ा 3,34,17,390 पर पहुंच गया है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर शनिवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 35,662 नए मामले आए हैं। वहीं इस दौरान, 37950 रिकवरी हुईं और 281 लोगों की संकमण की चपेट में आने से जान चली गई है। नए मरीजों के साथ इस समय देश में 3,40,639 लोगों का इलाज़ चल रहा है।
वायरस के मामले में महाराष्ट्र को पछाड़ चुके केरल में इस समय हालात सबसे ज्यादा खराब है। राष्ट्रीय स्तर पर कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी का सबसे बड़ा योगदान केरल का है। राज्यस्तर पर कोरोना का दैनिक आंकड़ा 23 हजार के ऊपर बना हुआ है। वहीं, तामिलनाडु और आंध्र प्रदेश में भी पिछले कई दिनों से 1 हजार से ज्यादा केस सामने आ रहे हैं।
देश में रिकवरी रेट 97.65 और एक्टिव केस का रेट 1.02 तथा डेथ रेट 1.33 प्रतिशत पर बरकरार है। महाराष्ट्र में एक्टिव केस 891 घटकर 52,002 रह गए हैं जबकि 67 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 1,38,389 हो गई है। वहीं 4410 लोगों के स्वस्थ होने से कोरोनामुक्त होने वालों की संख्या 63,24,720 हो गयी है। दिल्ली में एक्टिव केस 407 रह गए हैं जबकि स्वस्थ होने वालों की संख्या 14,12,936 हो गयी है। दूसरे दिन भी एक और मरीज की मौत के बाद यहां मृतकों की संख्या 25,085 हो गयी है।