भारत में कोरोना संक्रमण के दैनिक मामलों का ग्राफ डाउन होने के बावजूद राहत देने वाला नहीं है। देश में इस समय नए केस की संख्या 3 लाख से ऊपर बनी हुई है। पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना के नए मामले 3 लाख से ज्यादा दर्ज हुए हैं, जो रविवार के मुकाबले करीब 27 हजार कम है। वहीं देश का पॉजिटिविटी रेट 20 फीसदी से ज्यादा बना हुआ है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा सोमवार सुबह जारी आंकड़ों के मुताबिक, देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 3,06,064 नए मामले सामने आने के बाद अब तक संक्रमण का आंकड़ा 3,95,43,328 हो गया है। वहीं इस दौरान हुई 439 मरीजों की मौत के बाद मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 4,89,848 तक पहुंच गया।
कोरोना के आतंक के बीच ओमिक्रॉन वैरिएंट से किन लोगों को है मौत का खतरा, WHO ने दी विस्तृत जानकारी
मंत्रालय ने बताया कि देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 2,43,495 मरीज ठीक हुए हैं। अब तक 3,68,04,145 लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं। एक्टिव केस की बात करें तो देश में 22,49,335 एक्टिव केस हैं। यह 5.69 फीसदी। रिकवरी रेट 93.07 फीसदी है। वहीं रोजाना पॉजिटिविटी रेट 20.75 फीसदी पर टिका हुआ है।
इन 5 राज्यों में 60 फीसदी केस
भारत में सबसे ज्यादा केस इन 5 राज्यों में मिले हैं। कर्नाटक में सबसे ज्यादा 50,210 केस, केरल में 45,449 केस, महाराष्ट्र में 40,805 केस, तमिलनाडु में 30,580 केस और गुजरात में 16,617 नए केस मिले हैं। इन 5 राज्यों में देश में कुल मिले केसों में से 60.01 फीसदी केस मिले। कर्नाटक में अकेले 16.41 फीसदी नए केस मिले हैं।