भारत में लगातार पांचवें दिन संक्रमण से मरने वालों की संख्या 100 से कम बनी हुई है। वहीं एक दिन में कोविड-19 के 11,067 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 1,08,58,371 हो गए। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बुधवार सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के अनुसार संक्रमण से 94 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 1,55,252 हो गई।
देश में 1,05,61,608 लोगों के संक्रमण मुक्त होने के साथ ही संक्रमण से ठीक होने की राष्ट्रीय दर बढ़कर 97.27 प्रतिशत हो गई। वहीं कोविड-19 से मृत्यु दर 1.43 प्रतिशत है। देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या दो लाख से कम है। आंकड़ों के अनुसार, देश में अभी 1,41,511 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 1.30 प्रतिशत है।
विश्व में कोरोना मामलों का आंकड़ा 10.68 करोड़ के पार, मरने वालों की संख्या 23.3 लाख हुई
देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को 40 लाख से अधिक हो गई थी। वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख, 28 सितम्बर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख और 19 दिसम्बर को एक करोड़ के पार चले गए थे।
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार, नौ फरवरी तक 20,33,24,655 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई। इनमें से 7,36,903 नमूनों का परीक्षण मंगलवार को किया गया था।


Download Android App
Download iOS App



