देश में पिछले 24 घंटे में सामने आए कोरोना वायरस के मामलों ने अब तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। नए आंकड़ों के मुताबिक, देश में एक दिन के अंदर 1.15 लाख से ज्यादा मामले दर्ज हुए हैं। इस दौरान प्रतिदिन मरने वालों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। दैनिक आंकड़ों में देश में अब तक की यह सबसे बड़ी उछाल है।
बुधवार सुबह केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 1,15,736 नए मामले आने के बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 1,28,01,785 पहुंच गई हैं। वहीं, 630 नई मौतों के बाद कुल मौतों की संख्या 1,66,177 हो गई है।
रविवार को एक दिन में 1,03,764 नए मामले थे जो अब तक की दूसरी सबसे अधिक संख्या है। कोरोना की पहली लहर में एक दिन में मिले नए मरीजों की सबसे अधिक संख्या 97,894 थी जिसे 17 सितंबर 2020 को दर्ज किया गया था। इस अवधि में 630 और कोरोना मरीजों की मौत के बाद महामारी से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 1,66,207 हो गई।
आंकड़ों के अनुसार देश में नए मामलों में बढ़ोतरी के साथ उपचाराधीन मामलों की संख्या बढ़कर 8,38,650 हो गई, जो कुल मामलों का 6.5 प्रतिशत है। देश में 12 फरवरी को सबसे कम 1,35,926 उपचाराधीन मामले थे, जो उस समय के कुल मामलों का 1.25 प्रतिशत थे।
महाराष्ट्र के हालात चिंताजनक
देश में सबसे चिंताजनक हालात महाराष्ट्र और मुंबई के है- महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में 55,000 नए मामले सामने आए हैं। वहीं, मुंबई में 24 घंटे में नए केस का आंकड़ा 10 हजार के पार जा पहुंचा है तो दिल्ली में ये आंकड़ा 5 हजार पार चला गया है। सितंबर 2020 के बाद यह पहली बार है जब दिल्ली में नए मामलों का आंकड़ा पांच हजार के पार पहुंचा है।


Download Android App
Download iOS App



