बीजेपी और कांग्रेस समेत देश के सभी राजनीति दलों के शीर्ष नेताओं ने दिल्ली विधानसभा चुनावों में ऐतिहासिक जीत पर आप पार्टी और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को शुभकामनायें और बधाई दी हैं।
प्रधानमंत्री मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी, भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने श्री केजरीवाल को भारी जीत के लिए बधाई दी है।
इसके अलावा पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, आंध, प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई एस जगनमोहन रेड्डी, पूर्व मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता शरद पवार, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के नेता सीताराम येचुरी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के नेता अतुल अंजान, राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव, द्रविड़ मुनेत्र कषगम के नेता एम के स्टालिन, केरल के मुख्यमंत्री पिनरई विजयन, समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव, जननायक जनता पार्टी के नेता एवं हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, समाजवादी नेता शरद यादव और दिल्ली प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने भी श्री केजरीवाल को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा श्री केजरीवाल ने उनको धन्यवाद कहा है।
श्री मोदी ने मंगलवार को ट्वीट पर कहा, ‘‘आप पार्टी और श्री अरविंद केजरीवाल को दिल्ली विधानसभा चुनावों में जीत की बधाई। दिल्ली के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए उन्हें बहुत बहुत शुभकामनाएं।’’
श्री सिंह ने अपने संदेश में कहा, ‘‘दिल्ली विधानसभा चुनावों में जीत हासिल करने के लिए मैं मुख्यमंत्री श्री केजरीवाल एवं उनकी पार्टी को बधाई देता हूँ।’’ श्री केजरीवाल ने श्री सिंह को शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद कहा।
श्री नड्डा ने कहा कि भाजपा इस जनादेश को स्वीकारते हुए रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएगी और दिल्ली के विकास से जुड़ हर मुद्दे को प्रमुखता से उठाएगी।
उन्होंने कहा, ‘‘इस विश्वास के साथ कि आम आदमी पार्टी की सरकार दिल्ली का विकास करेगी, मैं श्री केजरीवाल और उनकी पार्टी को बधाई देता हूँ।’’
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली विधानसभा चुनावों में भारी जीत के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी को शुभकामनायें दी है।
श्री गांधी ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘दिल्ली विधानसभा चुनावों में विजय के लिये श्री केजरीवाल और आप पार्टी को बधाई।’’
विधानसभा चुनावों में आप पार्टी को 62 सीटों के साथ भारी जीत मिलती दिखायी दे रही है जबकि भारतीय जनता पार्टी को आठ सीटें मिलने की उम्मीद है। कांग्रेस को इन चुनावों में कोई सीट नहीं मिल रही है जबकि उसने 66 सीटों पर चुनाव लड़ और चार सीटें राष्ट्रीय जनता दल को दी थी।