अगर आप नेशनल हाईवे से अक्सर यात्रा करते हैं तो आपके लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। सरकार की ओर से नेशनल हाइवे पर लिए जाने वाले टोल टैक्स के नियमों में बड़ा बदलाव किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को लोकसभा में जानकारी देते हुए कहा कि अब नेशनल हाईवे पर 60 किलोमीटर के भीतर केवल एक ही बार टोल देने की व्यवस्था लागू होगी और अन्य टोल प्लाजा बंद होंगे।
अगले तीन महीने में लागू होगी व्यवस्था
लोकसभा में सड़क, परिवहन और राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय के लिए बजट आवंटन चर्चा के दौरान नितिन गडकरी ने टोल प्लाजा की संख्या को सीमित करने की घोषणा की। यानि अब लोगों को 60 किलोमीटर में केवल एक बार ही टोल टैक्स देना होगा। इस व्यवस्था को तीन महीने के भीतर लागू कर दिया जाएगा। परिवहन मंत्री ने इस बात की भी जानकारी दी कि उन्हें शिकायतें मिलती हैं कि 10 किलोमीटर की रेंज में यात्रियों को दूसरी बार टोल टैक्स देना पड़ता है। इसी के देखते हुए यह व्यवस्था लागू की जा रही है। टोल टैक्स की यह व्यवस्था लागू होने के बाद नेशनल हाईवे पर यात्रा करने वाले यात्रियों का सफर सस्ता होगा।
स्थानीय लोगों को नहीं देना पड़ेगा टोल टैक्स
लोकसभा में केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने नेशनल हाईवे को लेकर अन्य कई महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा की। नेशनल हाईवे के आसपास रहने वाले लोगों को आसपास जाने के लिए भी टोल टैक्स देना पड़ता है, इस समस्या पर जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि अब स्थानीय लोगों को टोल टैक्स नहीं देना पड़ेगा। उनके लिए पास की व्यवस्था की जाएगी, जिससे वे नेशनल हाईवे पर फ्री में सफर कर पाएंगे। साथ ही उन्होंने 2024 तक देश की सड़कों को अमेरिका की सड़कों के समान बनाने का दावा किया और जानकारी दी कि अगले दो साल के भीतर इलेक्ट्रिक वाहनों की कीमतें पेट्रोल-डीजल के वाहनों के समान हो जाएंगी।