यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों को निकालने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन गंगा के बीच भारत सरकार को लेकर कई तरह के सवाल उठाए जा रहे हैं। कांग्रेस समेत कई विरोधी दल देरी के लिए सरकार की आलोचना कर रहे हैं ।
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने भारत सरकार पर प्रभावी कदम नहीं उठाने का आरोप लगाते हुए कहा कि यूक्रेन में फंसे भारतीयों के हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। राहुल गांधी और उनके चचेरे भाई वरुण गांधी ने एक ही वीडियो को शेयर करते हुए अलग-अलग शब्दों में केंद्र सरकार की आलोचना की है।
Conditions of Indians stranded in Ukraine are worsening.
Yet, GOI is not taking effective steps to bring them home.
As usual, PM is MIA. pic.twitter.com/n8MfPAgxvD
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) February 28, 2022
वरुण गांधी द्वारा शेयर किए गए वीडियो को पौने सात घंटे बाद सोमवार शाम को ही शेयर करते हुए राहुल गांधी ने ट्वीट कर मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, यूक्रेन में फंसे भारतीयों के हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। फिर भी, भारत सरकार उन्हें घर लाने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठा रही है। हमेशा की तरह, पीएम एमआईए हैं।
आपको बता दें कि , राहुल गांधी और वरुण गांधी दोनों चचेरे भाई है। राहुल गांधी , देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के बेटे हैं। वहीं वरुण गांधी , राजीव गांधी के छोटे भाई और एक जमाने में कांग्रेस के सबसे ताकतवर नेता रहे संजय गांधी के बेटे हैं। हालांकि राजनीतिक रूप से दोनों परिवारों की राहें आज अलग-अलग है। सोनिया गांधी कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष है और राहुल गांधी कांग्रेस के चेहरे हैं। वहीं वरुण गांधी और उनकी माता मेनका गांधी भाजपा से लोक सभा सांसद है। लेकिन वरुण गांधी ने पिछले कई महीनों से भाजपा की केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार के खिलाफ सीधा मोर्चा खोल रखा है।