देश में कोरोना संक्रमण के घटते मामलों के बीच टीकाकरण अभियान में भी थोड़ी तेजी आ रही है, ऐसे में शनिवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि सभी राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के पास कोरोना रोधी टीके की 2.87 करोड़ से ज्यादा डोज अब भी उपलब्ध है। वहीं, उन्हें आगामी तीन दिनों में 52.26 लाख से अधिक डोज और दी जाएंगी।
मंत्रालय ने बताया कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को प्रत्यक्ष राज्य खरीद श्रेणी के जरिए और केंद्र की ओर से मुफ्त मुहैया कराई गई खुराकों के जरिए कुल 28,50,99,130 खुराक मुहैया कराई गई हैं, जिनमें से 25,63,28,045 खुराक की खपत हो चुकी है। इनमें बर्बाद हुई खुराक भी शामिल हैं। उसने बताया कि राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के पास अब भी 2,87,71,085 खुराक हैं। इसके अलावा 52,26,460 से अधिक खुराक राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों को आगामी तीन दिन में मुहैया कराई जाएंगी।
दूसरी ओर, देश में पिछले 24 घंटे में कोविड 19 संक्रमण के 60,753 नए मामलों की पुष्टि हुई और इस दौरान 1,647 लोगों की मौत हो गई। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देशभर में भारत में कोविड-19 मामलों की कुल संख्या अब 2,98,23,546 हो गई है। सक्रिय मामले 10 लाख से नीचे आ गए हैं। देश में वर्तमान में 7,60,019 सक्रिय मामले हैं और अब तक 3,85,137 मौतें हुई हैं।
भारत में एक लाख से कम कोविड मामले दर्ज किए गए हैं। 18 जून को, भारत में 62,480 मामले दर्ज किए गए थे। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, पिछले 24 घंटों में कुल 97,743 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दी गई है, जिससे अब तक कुल 2,86,78,390 लोग डिस्चार्ज हो चुके हैं। देश में अब कोरोना वायरस के सक्रिय मामले 74 दिनों बाद सबसे कम हैं। रिकवरी रेट बढ़कर 96.16 फीसदी हो गया है और दैनिक पॉजिटिविटी रेट 2.98 फीसदी है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि देश में अब तक कुल 27,23,88,783 लोगों को टीका लगाया गया है, जिनमें 33,00,085 ऐसे लोग शामिल हैं जिन्हें पिछले 24 घंटों में टीका लगाया गया है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के अनुसार, कोविड-19 के लिए 18 जून तक 19,02,009 सैंपल का परीक्षण किया गया है। जिसके बाद देश में सैंपल परीक्षण की कुल संख्या 38,92,07,637 हो गई।