वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को कहा कि मानव रहित गगनयान अभियान दिसंबर 2021 में प्रक्षेपित किया जाएगा। इससे पहले इस अभियान को दिसंबर 2020 में शुरू किया जाना था लेकिन कोरोना वायरस महामारी के कारण टाल दिया गया था। बजट भाषण में सीतारमण ने कहा कि भारत के मानव अंतरिक्ष अभियान गगनयान के तहत चार अंतरिक्ष यात्री रूस में प्रशिक्षण ले रहे हैं। सीतारमण ने कहा, “प्रथम मानव रहित लांच दिसंबर 2021 में किया जाएगा।”
दस हजार करोड़ रुपये के गगनयान अभियान का लक्ष्य 2022 तक तीन सदस्यीय दल को पांच से सात दिन के लिए अंतरिक्ष में भेजना है, जिस वर्ष भारत अपना 75वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा। इसरो ने इसके लिए तैयारी करना शुरू कर दिया था। पहला मानव रहित यान दिसंबर 2020 में प्रक्षेपित किया जाना था और दूसरा यान जून 2021 छोड़ा जाना था। परियोजना के तहत छह महीने बाद दिसंबर 2021 में गगनयान का मानव अभियान शुरू होना था।