उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने बुधवार को अंतरराष्ट्रीय गरीबी उन्मूलन दिवस के अवसर पर देशवासियों से सरकारी और ग़ैरसरकारी स्तर पर चल रही, निर्धनता निवारण से सम्बंधित योजनाओं की जानकारी ज़रूरतमंदों तक पहुँचाने में हरसम्भव मदद करने का आह्वान किया है।
समूचे समाज की भागीदारी को अनिवार्य बताते हुए उपराष्ट्रपति नायडू ने ट्वीट किया “इस दिशा में निजी और सामुदायिक प्रयासों को तेज और सघन करने का संकल्प लें।” उपराष्ट्रपति नायडू ने आह्वान किया “गरीबी उन्मूलन की दिशा में हो रहे, सरकारी और गैर सरकारी प्रयासों से जुड़ें। निजी स्तर पर गरीबों को इन कार्यक्रमों की जानकारी दें तथा इनका लाभ उठाने में सहायता करें।”
उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने सर्बिया की संसद में अपने संबोधन में नेहरू का किया उल्लेख
उपराष्ट्रपति नायडू ने ग़रीबी उन्मूलन योजनाओं का लाभ ज़रूरतमंद लोगों को ही मिलने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा “समाज इसकी निगरानी रखे कि इन प्रयासों का लाभ जरूरतमंदों को ही मिल रहा है। इस प्रयास में आधार जैसी योजना से संसाधनों का अपव्यय रुका है और लाभ अभीष्ट खाते में सीधे पहुंचा है।”
उपराष्ट्रपति नायडू ने कहा कि तीव्र, सतत और सर्वस्पर्शी विकास ही गरीबी उन्मूलन का सबसे कारगर उपाय है। उल्लेखनीय है कि 17 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय ग़रीबी उन्मूलन दिवस के रूप में मनाया जाता है।