उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने मंगलवार को संसदीय मामलों के मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अनंत कुमार को श्रद्धांजलि अर्पित की।कई महीनों से फेफड़ों के कैंसर से पीड़ित, 59 वर्षीय अनंत कुमार का सोमवार तड़के बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। दिल्ली से विमान द्वारा यहां पहुंचे नायडू सीधे ‘नेशनल कॉलेज ग्राउंड’ गए, जहां उन्होंने कुमार के पार्थिव शरीर पर पुष्पांचक्र चढ़ाते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।
उपराष्ट्रपति ने कुमार की पत्नी तेजस्विनी और उनके परिवार के अन्य सदस्यों से मिल कर संवेदना भी व्यक्त की। कर्नाटक के राज्यपाल वजुभाई वाला और भाजपा के राज्य प्रमुख बी एस येदियुरप्पा भी नायडू के साथ यहां पहुंचे। वे कुछ मिनट तक कुमार पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे। भाजपा सूत्रों के अनुसार, उप राष्ट्रपति और कुमार के बीच बेहद अच्छे संबंध थे।
उपराष्ट्रपति सचिवालय ने कल ट्वीट करते हुए कहा कि नायडू ने उन्हें ‘‘छात्र आंदोलन से लेकर संसद तक वर्षों का साथी’’ बताया। उपराष्ट्रपति ने कहा था, ‘‘संसदीय कार्य मंत्री अनंत कुमार के निधन की खबर सुनकर स्तब्ध हूं। वह छात्र आंदोलन से लेकर संसद तक कई वर्षों से मेरे सहयोगी थे। वह एक समर्पित राजनेता थे।’’
कुमार का अंतिम संस्कार आज दोपहर चामराजपेट श्मशान घाट में किया जाएगा। परिवार के करीबी सूत्रों के मुताबिक, कुमार के भाई नंद कुमार ब्राह्मण रीति-रिवाजों से उनका अंतिम संस्कार करेंगे। केंद्र सरकार ने राजकीय सम्मान के साथ कुमार का अंतिम संस्कार किए जाने की घोषणा की है।