हमें ये समझना होगा कि लोगों ने कांग्रेस छोड़ BJP को वोट क्यों दिया : शशि थरूर

Summary :

थरूर ने कहा कि 2014 तथा 2019 के चुनाव में कांग्रेस को 19 फीसदी वोट मिले। बीजेपी को प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 2014 में 31 प्रतिशत और 2019 में 37 प्रतिशत मत मिले हैं।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरूर ने कहा है कि 2014 तथा 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी को मिले मतों का प्रतिशत गिरने तथा उसके भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में जाने के बारे में कांग्रेस को ठोस विचार विमर्श करने की आवश्यकता है। 
थरूर ने बुधवार को पत्रकारों से कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा नहीं कर रहे हैं। उनका मानना है कि इस बारे में जरूर सोच विचार किया जाना चाहिए कि प्रधानमंत्री मोदी के प्रभाव में आकर कांग्रेस का परंपरागत वोटर टूटा है और उसने पीएम मोदी के पक्ष में मतदान किया है। इसके कारणों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। 

भारत-पाक के बीच सफल रही करतारपुर कॉरिडोर पर बैठक, वीजा फ्री यात्रा कर सकेंगे श्रद्धालु

उन्होंने कहा कि 2014 तथा 2019 के चुनाव में कांग्रेस को 19 फीसदी वोट मिले। बीजेपी को प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 2014 में 31 प्रतिशत और 2019 में 37 प्रतिशत मत मिले हैं। इनमें से अनेक मतदाता पहले कांग्रेस के पक्ष में मतदान करते थे लेकिन इन दोनों चुनावों में उन्होंने बीजेपी को वोट दिया है। 
कांग्रेस के लोकसभा सदस्य ने कहा कि यह समझने की आवश्यकता है कि इन लोगों ने कांग्रेस को छोडकर बीजेपी को क्यों वोट दिया और उन्हें अब वापस किस तरह से लाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि वह मोदी का गुणगान नहीं कर रहे हैं बल्कि वह चाहते हैं कि पार्टी के ये मतदाता फिर से कांग्रेस में लौट कर आए और पार्टी को इसके बारे में कदम उठाए जाने चाहिए।

Desk Team