हम देश के लिए जीते हैं, कुछ लोग वोट के लिए जीते हैं : रविशंकर प्रसाद

Summary :

केन्द्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा वाले देश के लिये जीते हैं और कुछ लोग वोट के लिये जीते हैं।

केन्द्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा वाले देश के लिये जीते हैं और कुछ लोग वोट के लिये जीते हैं। 
नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में भाजपा द्वारा सिविल लाईंस फाटक पर आयोजित रैली में उन्होंने कहा, ‘‘नरेन्द्र मोदी की सरकार वोट के आगे नहीं झुकती है, जनता की सेवा करती है। हम वोट की राजनीति नहीं करते हैं।’’ 
नागरिका संशोधन कानून के बारे में उन्होंने कहा कि यह देश जितना हिन्दुओं का है उतना ही मुसलमानों का है। आज मुसलमान आगे बढते हैं तो अच्छी बात है.. राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति,मुख्य न्यायाधीश बनते हैं अच्छा लगता है, हमारी पार्टी में भी बढते हैं, सम्मान देते है और देते रहेंगे। 
उन्होंने कहा, ‘‘नागरिकता संशोधन कानून हिन्दुस्तान के किसी नागरिक पर लागू नहीं है। जो भी नागरिक हिन्दू या मुसलमान हैं भारत के नागरिक हैं, सम्मान से यहां रहें, हम सबका सम्मान करते हैं। यह कानून लागू होता है उन हिन्दू, सिख, ईसाई, बौद्ध, जैन व पारसी लोगों पर जो अफगानिस्तान, पाकिस्तान और बंगलादेश में अपनी आस्था और धर्म के कारण प्रताड़ित किये गए।’’ 
उन्होंने कहा, ‘‘हम वोट की राजनीति नहीं करते है… जब हम कहते है कि सबका साथ, सबका विकास सबका विश्वास तो हम सबकी चिंता करते हैं। अगर हमने आठ करोड माताओं को काला धुआं से मुक्ति के लिये गैस का चुल्हा दिया तो क्या मुस्लिम परिवारों को छोड दिया क्या अगर हमने बिजली हर गांवों को पहुंचायी तो क्या अल्पसंख्यक को छोड़ दिया।’’ 
उन्होंने कहा, ‘‘डिजिटल इंडिया में काफी मुसलमान अच्छा काम कर रहे हैं। हमें गर्व है और यह काम हम वोट के लिये नहीं करते क्योंकि हमारा दायित्व है क्योंकि जनता हमको सरकार चलाने के लिये चुना है और हम सबको एक नजर से देखते है। 
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे। 

Shera Rajput